TV20 NEWS ||AZAMGARH :मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम सम्पन्न
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम सम्पन्न
आईएएस अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मूलमंत्र, रणनीतिक अध्ययन, समय-प्रबंधन एवं उत्तर लेखन पर रहा विशेष जोर
आजमगढ़, 10 सितम्बर 2026//
समाज कल्याण विभाग द्वारा डॉ. आंबेडकर पुस्तकालय भवन, ब्रह्मस्थान, आजमगढ़ में संचालित ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सटीक परीक्षा रणनीति, प्रभावी अध्ययन पद्धति, समय-प्रबंधन, उत्तर लेखन एवं सफलता के लिए व्यावहारिक दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में अयान जैन, आईएएस एवं सिद्धार्थ सिंह, आईएएस की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान किया। परीक्षार्थियों ने अध्ययन सामग्री के चयन, विषयवार तैयारी, समय-सारणी, मुख्य परीक्षा में उत्तर लेखन तथा परीक्षा के विभिन्न चरणों के तनाव को प्रबंधित करने से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे।
अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासित जीवनशैली, सही दिशा में मेहनत एवं सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक है। प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि समसामयिक विषयों की गहरी समझ, तार्किक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर करने तथा योजनाबद्ध तरीके से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की सलाह दी। साथ ही, विषय विशेषज्ञों ने गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री के चयन, विषयवार गहन अध्ययन एवं नियमित मॉडल टेस्ट के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
योजना की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप कुमार राय ने योजना के उद्देश्यों एवं सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से योजना के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों, पुस्तकालय सुविधा एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन का नियमित रूप से अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
आईएएस अधिकारियों के मार्गदर्शन से अभ्यर्थियों में बढ़ा आत्मविश्वास
आईएएस अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से अभ्यर्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ। संवाद सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की वास्तविक आवश्यकताओं एवं बदलती परीक्षा प्रवृत्तियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री दीपक मिश्रा, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप कुमार राय तथा योजना के वरिष्ठ विषय विशेषज्ञ सर्वेश सिंह, संतोष राय, रामकेश सोनी, राहुल यादव, शशिशेखर पाण्डेय, अजय यादव एवं मनोज सिंह सहित अन्य सम्मानित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सभी प्रतियोगी परीक्षार्थियों को उनकी आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।






