*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जिलाधिकारी ने गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक*
जिलाधिकारी ने गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
जिले में गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 मतदान केन्द्र प्रस्तावित
मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों ने जताई सहमति, नहीं दर्ज कराई कोई आपत्ति
आजमगढ़, 24 सितम्बर 2026//
जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत जनपद में अवस्थित मतदेय स्थलों के प्रस्ताव के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का परिचय प्राप्त किया तथा गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत जनपद में प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया। इसके उपरान्त उपस्थित प्रतिनिधियों को सभी प्रस्तावित मतदेय स्थलों के नाम एवं उनके अन्तर्गत आने वाले क्षेत्रों के संबंध में जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्येक प्रतिनिधि से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करते हुए प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा सुझाव प्रस्तुत करने के लिए कहा। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा की।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन हेतु जनपद में कुल 23 मतदान केन्द्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें क्षेत्र पंचायत कार्यालय लालगंज, ठेकमा, मेंहनगर, तरवां, फूलपुर, मार्टिनगंज, अहरौला, पवई, अतरौलिया, कोयलसा, बिलरियागंज, महराजगंज, सगड़ी, हरैया, रानी की सराय, पल्हनी, मुहम्मदपुर, मिर्जापुर, तहबरपुर, जहानागंज, सठियांव, शिब्ली डिग्री कॉलेज आजमगढ़ तथा तहसील कार्यालय सदर शामिल हैं।
बैठक के दौरान प्रस्तावित सभी मतदेय स्थलों के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं। उपस्थित समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सहमति व्यक्त की गई तथा किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।






