*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस में एफएलसी का किया निरीक्षण*

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस में एफएलसी का किया निरीक्षण

एफएलसी कार्य में पारदर्शिता, शुचिता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश

आजमगढ़, 07 अक्टूबर 2026/

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने जिला निर्वाचन कार्यालय, आजमगढ़ स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण कर वहां चल रहे प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का जायजा लिया। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की एफएलसी प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित किए जाने के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने एफएलसी कार्य में लगे तकनीकी कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों से मशीनों की जांच प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यशीलता, कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच प्रक्रिया को देखा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम/वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए एफएलसी कार्य को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूर्ण गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं अभिलेखों का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, निर्वाचन अधिकारी, ईवीएम प्रभारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।