*TV 20 NEWS || AZAMGARH :*साइबर सेल आजमगढ़ की त्वरित कार्रवाई से महिला बीएलओ को साइबर ठगी के ₹81,000/- वापस कराए गए*

*प्रेस नोट*
*साइबर सेल, जनपद आजमगढ़*
*दिनांकः 11.10.2026*

*साइबर सेल आजमगढ़ की त्वरित कार्रवाई से महिला बीएलओ को साइबर ठगी के ₹81,000/- वापस कराए गए।*

🔹 निर्वाचन आयोग का अधिकारी बनकर साइबर ठग ने महिला बीएलओ को ऑनलाइन मीटिंग के नाम पर भेजा संदिग्ध लिंक, स्क्रीन शेयर कराकर यूपीआई के माध्यम से की ₹81,000/- की ठगी।

🔹 साइबर सेल आजमगढ़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता की ठगी गई शत-प्रतिशत धनराशि ₹81,000/- उनके बैंक खाते में वापस कराई।

*घटना का संक्षिप्त विवरणः-*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी साइबर क्राइम श्री पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में साइबर सेल आजमगढ़ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला बीएलओ की साइबर ठगी में गई ₹81,000/- की संपूर्ण धनराशि वापस कराई गई।

पीड़िता श्रीमती सुमन राजभर पत्नी श्री विजय शंकर, निवासी ग्राम मसोना, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़, वर्तमान में बीएलओ के पद पर कार्यरत हैं। निर्वाचन संबंधी कार्य के दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को निर्वाचन आयोग का वरिष्ठ अधिकारी बताकर ऑनलाइन मीटिंग के बहाने उनके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध लिंक भेजा। लिंक खोलने के बाद पीड़िता का स्क्रीन शेयर कराकर पेटीएम वॉलेट के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिसके बाद उनके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से ₹81,000/- स्थानांतरित कर साइबर ठगी कर ली गई।

*साइबर सेल की कार्रवाईः-*

ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर सेल आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पेमेंट गेटवे/बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी की धनराशि होल्ड/फ्रीज कराई। इसके उपरांत आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण कराकर पीड़िता की संपूर्ण धनराशि ₹81,000/- उनके मूल बैंक खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने आजमगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल के प्रति आभार व्यक्त किया।

*सराहनीय कार्य करने वाली टीमः-*

1. उ0नि0 रवि प्रकाश गौतम, प्रभारी साइबर सेल, आजमगढ़।
2. मु0आ0 ओमप्रकाश जायसवाल, साइबर सेल, आजमगढ़।
3. आ0 अमित कुमार सरोज, साइबर सेल, आजमगढ़।
4. आ0 जयप्रकाश प्रजापति, साइबर सेल, आजमगढ़।

*साइबर सुरक्षा अपीलः-*

जनपदवासियों एवं सरकारी कर्मचारियों से अपील है कि अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए संदिग्ध लिंक न खोलें और किसी के कहने पर मोबाइल का स्क्रीन शेयर न करें। सरकारी अधिकारी के नाम पर आने वाली संदिग्ध कॉल से सतर्क रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर *1930* पर कॉल करें अथवा *www.cybercrime.gov.in* पर शिकायत दर्ज कराएं।