*TV 20 NEWS || LUCKNOW:बाबू मसूरियादीन पासी का संघर्ष और जनसेवा समाज के लिए प्रेरणा : केशव मौर्य*

मीडिया कार्यालय – उपमुख्यमंत्री
प्रेस विज्ञप्ति

– *बाबू मसूरियादीन पासी का संघर्ष और जनसेवा समाज के लिए प्रेरणा : केशव मौर्य*

* *महापुरुषों का सम्मान, गरीबों का कल्याण डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता*

* *वंचितों के अधिकार और सामाजिक सम्मान के लिए समर्पित रहा बाबू मसूरियादीन पासी का जीवन*

* *नई पीढ़ी को महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराना जरूरी : उप मुख्यमंत्री*

*लखनऊ/प्रयागराज, 15 अक्टूबर 2026।* उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू मसूरियादीन पासी की प्रतिमा के अनावरण को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बाबू मसूरियादीन पासी का जीवन संघर्ष, जनसेवा और सामाजिक समानता की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने वंचित समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्री मौर्य ने कहा कि बाबू मसूरियादीन पासी ने चार बार लोकसभा में प्रयागराज क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वे गरीबों, जरूरतमंदों और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहते थे। उनका जीवन समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

उप मुख्यमंत्री ने प्रतिमा अनावरण के लिए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को उनके जीवन से परिचित कराने से सामाजिक चेतना को मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर का दिन विशेष महत्व रखता है। इसी दिन बाबू मसूरियादीन पासी की जयंती के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। इन महान व्यक्तित्वों का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक परिवर्तन और जनकल्याण के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है।

श्री मौर्य ने पासी समाज के गौरवशाली इतिहास और संघर्षपूर्ण परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के वीरों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समानता, सामाजिक सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गरीबों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ महापुरुषों के सम्मान और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, श्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, सांसद श्री प्रवीण पटेल, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि, बाबू मसूरियादीन पासी के परिजन तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।