*TV 20 NEWS || AZAMGARH :26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जनपद के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में होंगे भव्य भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामायण पाठ एवं भजन*

*26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जनपद के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में होंगे भव्य भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामायण पाठ एवं भजन*

आजमगढ़, 24 अक्टूबर 2026//

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि शासनादेश के क्रम में 26 अक्टूबर, 2026 को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेश के समस्त जनपदों में महर्षि वाल्मीकि मंदिरों में भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामायण पाठ एवं भजन आदि के आयोजन कराए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित विश्वप्रसिद्ध कालजयी कृति रामायण सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों की स्थापना का आदर्श प्रस्तुत करती है।

महर्षि वाल्मीकि द्वारा अपनी रचना में वर्णित अनेक स्थल आज भी संपूर्ण भारत में विद्यमान हैं, जिन्हें राम-जानकी मार्ग एवं राम वन गमन मार्ग आदि से संबंधित स्थलों के रूप में जाना जाता है। उत्तर प्रदेश में भी इन मार्गों से जुड़े अनेक स्थल हैं, जहां भारतीय संस्कृति के मूल तत्व एवं मान्यताएं आज भी सुरक्षित हैं। महर्षि वाल्मीकि के महान योगदान को स्मरण करते हुए उनकी जयंती पूरे प्रदेश में हर्षाेल्लास के साथ मनाई जाती है। वाल्मीकि रामायण में निहित मानवीय, सामाजिक एवं राष्ट्रीय मूल्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जनसामान्य को इन मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से शासन द्वारा 26 अक्टूबर, 2026 को प्रदेश के सभी जनपदों में महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाए जाने का निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासनादेश में दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद आजमगढ़ के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कराए जाने हेतु जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों के माध्यम से कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित एवं सकुशल आयोजन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर मंदिरों में महर्षि वाल्मीकि रचित रामायण का अखंड पाठ, भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन आदि आयोजित किए जाएंगे।

इसी क्रम में 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में चयनित कलाकारों द्वारा भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामायण पाठ एवं भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अंतर्गत अलंकार सिंह द्वारा भैरव बाबा मंदिर, संतोष मिश्रा द्वारा हनुमान मंदिर हरिहरपुर, राजेश कुमार प्रजापति द्वारा श्री चन्द्रमा ऋषि आश्रम, आदर्श मिश्रा द्वारा श्री रामजानकी मंदिर ब्रह्मस्थान, विकास चौरसिया द्वारा श्री रामजानकी मंदिर गुरूटोला, अर्पित मिश्रा द्वारा श्री बड़ा गणेश मंदिर आजमगढ़, तुषार सिंह द्वारा पातालेश्वर मंदिर बेलईसा, शीतला मिश्रा द्वारा हनुमान मंदिर बिलरियागंज, चन्द्रशेखर यादव द्वारा दुर्वासा ऋषि आश्रम फूलपुर तथा आदित्य मिश्रा द्वारा श्री दत्तात्रेय आश्रम निजामाबाद में कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

इन स्थलों पर महर्षि वाल्मीकि रचित रामायण का अखंड पाठ, भजन एवं अन्य भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर महर्षि वाल्मीकि के विचारों तथा रामायण में निहित मानवीय एवं सामाजिक मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।