*TV 20 NEWS || LUCKNOW:म्योहार 6 लेन पुल का निरीक्षण कर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को दिए निर्देश, अटल जी की जयंती पर प्रयागवासियों को मिलेगी विकास की सौगात*

मीडिया कार्यालय, उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
प्रेस विज्ञप्ति

*म्योहार 6 लेन पुल का निरीक्षण कर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को दिए निर्देश, अटल जी की जयंती पर प्रयागवासियों को मिलेगी विकास की सौगात*

*गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करें निर्माण कार्य, उद्घाटन की समय-सीमा निर्धारित:*

*उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*

*प्रयागराज।लखनऊ दिनांक 02-11-2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने दो दिवसीय प्रयागराज प्रवास के दौरान आज म्योहार स्थित निर्माणाधीन छह लेन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता, पूर्ण पारदर्शिता और मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।* उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा निर्माण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए पुल के उद्घाटन की समय-सीमा तय की है।

*श्री मौर्य ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती के अवसर पर इस महत्वपूर्ण पुल को प्रयागराज की जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।* उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने, आवागमन का समय कम करने तथा प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी के दूरदर्शी विजन और केंद्र एवं प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश में सड़क एवं पुल निर्माण की परियोजनाओं को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए आधुनिक आधारभूत संरचना का सुदृढ़ होना आवश्यक है। बेहतर सड़कें और पुल न केवल यात्रा को आसान बनाते हैं, बल्कि व्यापार, निवेश, रोजगार तथा स्थानीय विकास के नए अवसर भी सृजित करते हैं। म्योहार का छह लेन पुल इसी विकास दृष्टि का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों की जांच, नियमित निगरानी और विभागीय समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण होकर जनता को इसका लाभ मिल सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार का उद्देश्य विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्षगण श्रीमती निर्मला पासवान एवं श्री राजेश शुक्ल, मा. विधायक श्री गुरु प्रसाद मौर्य, मा. जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारीगण एवं एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता, सहायता अभियंता सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थिति रहे।