*TV 20 NEWS || AZAMGARH :चेतना (CHETNA) ने गुरुग्राम की 15 बस्तियों में बच्चों के साथ मनाई खुशियों भरी दिवाली, पुलिस अधिकारियों ने भी बढ़ाया बच्चों का उत्साह*
*प्रेस विज्ञप्ति*
*गुरुग्राम, नवंबर 2026:* बाल अधिकारों, शिक्षा एवं संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत संस्था चेतना (CHETNA – Childhood Enhancement Through Training and Action) ने इस दिवाली गुरुग्राम की 15 बस्तियों में रहने वाले सड़क एवं कामकाजी बच्चों के साथ खुशियाँ साझा कीं। इस विशेष पहल के माध्यम से संस्था ने बच्चों को त्योहार की खुशियों से जोड़ने और उनके जीवन में सकारात्मकता एवं अपनत्व का भाव विकसित करने का प्रयास किया।
इस पहल के अंतर्गत गुरुग्राम की चक्करपुर, नाथुपुर, जलवायु टॉवर, घाटा गाँव, DLF फेज-5, नीमतला, वजीराबाद, सरस्वती कुंज, JMD, घसोला, एम्मार टॉवर, गोगा, परला, खोटा कॉलोनी और बसई गाँव सहित कुल 15 बस्तियों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 700 बच्चों को चॉकलेट वितरित की गईं तथा 600 बच्चों को शैक्षणिक किट प्रदान की गईं। बच्चों को दिवाली की शुभकामनाएँ देते हुए उनके साथ त्योहार की खुशियाँ साझा की गईं।
इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों ने स्वयं बच्चों के बीच पहुँचकर उन्हें चॉकलेट वितरित कीं और दिवाली की शुभकामनाएँ दीं। उनकी इस सहभागिता से बच्चों में पुलिस एवं प्रशासन के प्रति विश्वास और आत्मीयता बढ़ाने का अवसर मिला। साथ ही, पुलिस अधिकारियों को भी बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करने और उनके करीब आने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर चेतना संस्था के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री राजेंद्र कुमार ने कहा, “हमारे लिए दिवाली केवल दीये जलाने और मिठाइयाँ बाँटने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह खुशियाँ साझा करने, आपसी संबंध मजबूत बनाने और प्रत्येक बच्चे को सम्मान, अपनत्व एवं समान अवसर का एहसास कराने का अवसर है। हमारा प्रयास है कि समाज का प्रत्येक बच्चा स्वयं को महत्वपूर्ण और समाज का अभिन्न हिस्सा महसूस करे।”
संस्था के निदेशक श्री संजय गुप्ता ने इस पहल को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, सहयोगियों, पुलिस अधिकारियों एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके जीवन में खुशियों के छोटे-छोटे पल जोड़ना हमारे कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हम अपने सभी उदार दानदाताओं एवं सहयोगियों का हृदय से धन्यवाद करते हैं, जिनके सहयोग से यह पहल संभव हो सकी।”
चेतना संस्था का मानना है कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और खुशियों से भरा बचपन मिलना चाहिए। संस्था भविष्य में भी बच्चों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा तक पहुँच और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
*आइए, मिलकर हर बच्चे की दिवाली को खुशियों और उम्मीदों से रोशन बनाएं।*
संपर्क: 9012640281
Childhood Enhancement Through Training and Action (CHETNA)
खिलती कलियाँ परियोजना, गुरुग्राम






