*TV 20 NEWS || LUCKNOW:दीपावली प्रकाश, उल्लास और समृद्धि का पर्व, सभी के जीवन में सुख-शांति एवं खुशहाली लेकर आए : केशव प्रसाद मौर्य*
मीडिया कार्यालय उप मुख्यमंत्री
प्रेस विज्ञप्ति
*उप मुख्यमंत्री ने देश एवं प्रदेशवासियों को दी दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं*
*लखनऊ: दिनांक 07-11-2026,* उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्री मौर्य ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का महान पर्व है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। दीपावली का प्रत्येक दीप समाज में सकारात्मकता, सद्भाव, आशा और नई ऊर्जा का संचार करता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के उपरांत अयोध्या आगमन और उनके राज्याभिषेक की स्मृति से जुड़ा पावन पर्व है। यह पर्व हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की कृपा से सभी के घर-परिवार में सुख, समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली का वास हो। समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द की भावना और मजबूत हो तथा प्रदेश निरंतर विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे।
श्री मौर्य ने प्रदेशवासियों से दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, आपसी सद्भाव और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि पर्व की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें और कोई भी परिवार उत्सव की खुशियों से वंचित न रहे।
रतन सिंह, सूचनाधिकारी






