*TV 20 NEWS || AZAMGARH :आजमगढ़ में नवनियुक्त राजेश सरोज को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से प्रदान किया नियुक्ति पत्र*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1146 नवचयनित कनिष्ठ सहायकों को वितरित किए नियुक्ति पत्र, जनपद आजमगढ़ के 53 अभ्यर्थियों को मिली तैनाती

निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से राजस्व विभाग को मिले नए कार्मिक, जनपद में राजस्व संबंधी कार्यों के निस्तारण में आएगी तेजी
आजमगढ़, 11 नवम्बर 2026//
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से राजस्व विभाग के लिए नवचयनित 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर जनपद आजमगढ़ के लिए चयनित 53 कनिष्ठ सहायकों को भी नियुक्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से जनपद आजमगढ़ के नवनियुक्त कनिष्ठ सहायक राजेश सरोज को मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। शेष चयनित अभ्यर्थियों को अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
लखनऊ में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में जनपद आजमगढ़ की ओर से डिप्टी कलेक्टर अतुल आनंद एवं आकाश कुमार भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जनपद आजमगढ़ में नवचयनित 53 कनिष्ठ सहायकों को मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा द्वारा प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तहसीलों एवं विभिन्न पटलों पर तैनाती प्रदान की जाएगी। इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
राजस्व कार्यों के निस्तारण में आएगी तेजी
जनपद में 53 नए कनिष्ठ सहायकों की नियुक्ति से राजस्व विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। तहसीलों एवं संबंधित कार्यालयों में कार्मिकों की उपलब्धता बढ़ने से राजस्व अभिलेखों के रखरखाव, विभिन्न प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्यों, जनशिकायतों के निस्तारण, पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण तथा अन्य विभागीय कार्यों को गति मिलेगी।
नवचयनित कनिष्ठ सहायकों की तैनाती से प्रशासनिक कार्यों में दक्षता एवं पारदर्शिता बढ़ाने के साथ ही आमजन को राजस्व संबंधी सेवाएं समयबद्ध एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा सभी नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों से अपेक्षा की गई है कि वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जनसेवा एवं प्रशासनिक कार्यों में अपना योगदान देंगे।






