*TV 20 NEWS || LUCKNOW:डबल इंजन सरकार में बेटा-बेटी एक समान हिंदू हो या मुसलमान – हर वर्ग के युवाओं को समान अवसर : उप मुख्यमंत्री; टैबलेट से खुलेगी ज्ञान, तकनीक और रोजगार की नई राह, युवा शक्ति बनेगी विकसित उत्तर प्रदेश का आधार : केशव प्रसाद मौर्य*

मीडिया कार्यालय, उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
प्रेस विज्ञप्ति

 

*लखनऊ। दिनांक 15.11.2026,* जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में सहभागिता से पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी, स्वर्गीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पूर्व से स्थापित प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, श्री योगेन्द्र उपाध्याय, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री श्री जसवंत सिंह सैनी, श्री सतीश चन्द्र शर्मा, श्रीमती रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, लाभार्थी छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा की गई।

श्री मौर्य ने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि आज का दिन युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत 25 लाख टैबलेट वितरण के अभियान के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जनपदों के 50 हजार से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प है कि हर युवा सशक्त बने, आत्मनिर्भर बने और हर गरीब का सपना साकार हो। *डबल इंजन सरकार बेटा-बेटी एक समान हिंदू हो या मुसलमान, बिना किसी भेदभाव के सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार गरीब, किसान, नौजवान और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ी है।*

श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा की राजनीति का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को आगे बढ़ने का अवसर देना है। समाजवादी पार्टी की राजनीति परिवार तक सीमित रही, जबकि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता दे रही है। हमें नौजवानों की स्क्रीन पर उनका उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। उत्तर प्रदेश की पहचान अब डिजिटल अवसरों, सुशासन और युवा सामर्थ्य से बन रही है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि टैबलेट को केवल मनोरंजन का साधन न बनाएं, बल्कि इसे ज्ञान, शिक्षा, कौशल विकास और भविष्य निर्माण का माध्यम बनाएं। इसके जरिए नई तकनीक सीखें, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की जानकारी प्राप्त करें, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें, नई भाषाएं सीखें तथा उद्यमिता के अवसर तलाशें।

*श्री मौर्य ने स्वामी विवेकानंद जी के संदेश ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ का स्मरण कराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा, परिश्रम और बड़े सपनों को साकार करने का सामर्थ्य है। युवा शक्ति के बल पर उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने टैबलेट प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।*

कार्यक्रम के समापन अवसर पर मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी सहित मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों के साथ बच्चों के बीच पहुंचकर मोबाइल से सेल्फी ली। यह आत्मीय सेल्फी बच्चों के प्रति स्नेह, अपनत्व और सौहार्द का सुंदर प्रतीक बनी। इस अवसर पर बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखते ही बन रही थी।

रतन सिंह, सूचना अधिकारी, उप मुख्यमंत्री