*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जनगणना–2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पूरे प्रदेश में स्वगणना अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने की प्रदेशवासियों से सहभागिता की अपील*

 

आजमगढ 16 नवम्बर 2026/

जनगणना–2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रदेशव्यापी स्वगणना अभियान का आज 16 नवंबर 2026 को शुभारंभ हुआ। मा. मुख्यमंत्री ने स्वगणना अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए प्रदेशवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जनगणना संदेश जारी करने के साथ ही जनप्रतिनिधियों के लिए स्वगणना की विशेष अपील भी जारी की गई।

इसी क्रम में जनपद आजमगढ़ में मंडलायुक्त विवेक एवं जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी रविंद कुमार ने स्वयं ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया पूरी कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी/अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी जनगणना अभियान में सक्रिय सहभागिता एवं जनजागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि **”बदलते हुए भारत की तस्वीर को समझने और भविष्य के विकास की दिशा तय करने में जनगणना की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्वरूप को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, संसाधनों के उचित वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास एवं आधारभूत सुविधाओं की बेहतर योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनगणना में प्रत्येक परिवार और प्रत्येक निवासी की सहभागिता राष्ट्र निर्माण में योगदान है।”**

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं अपने परिवार की स्वगणना अवश्य करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

**स्वगणना अभियान की निर्धारित समय-सारिणी**

– **16 नवंबर से 30 नवंबर 2026:** स्वगणना की अवधि। इस दौरान निवासी घर बैठे मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
– **1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027:** प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना के निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से परिवारों का विवरण संकलित किया जाएगा।
– **5 जनवरी से 9 जनवरी 2027:** पुनरीक्षण चरण (Revisional Round) संचालित किया जाएगा।

स्वगणना की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे निवासी स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकें। स्वगणना पूर्ण होने के बाद प्राप्त स्वगणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना आवश्यक है, ताकि प्रगणक के घर आने पर उसे उपलब्ध कराया जा सके।

जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं आमजन से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा स्वगणना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।

**हमारी जनगणना, हमारा विकास।**
**आपकी सहभागिता, देश के विकास की आधारशिला।**