*TV 20 NEWS || AZAMGARH:मिठाई और कलम-पेन बांटकर मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती; माता शबरी ट्रस्ट ने वनवासी बस्ती के बच्चों को शिक्षा के प्रति किया जागरूक, अभिभावकों से विद्यालय भेजने की अपील*
मेहनगर, आजमगढ़। ग्राम पंचायत दामा की वनवासी बस्ती में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर माता शबरी ट्रस्ट की ओर से बच्चों को मिठाई, कलम और पेन वितरित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वनवासी समुदाय के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि एवं उत्साह पैदा करना और अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान माता शबरी ट्रस्ट के कार्यकर्ता राजकुमार ने बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, ताकि वनवासी समाज के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेढ़ई बनवासी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। उनका जीवन आज भी समाज को एकजुट होने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का संचालन बलदेव बनवासी ने किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा वनवासी समाज के प्रेरणास्रोत हैं। समाज को संगठित और मजबूत बनाने के लिए बच्चों का शिक्षित होना बेहद जरूरी है। जब तक हमारे बच्चे शिक्षित नहीं होंगे, तब तक समाज का समुचित विकास और एकजुटता संभव नहीं है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
इस अवसर पर विजय वनवासी, मिंटू बनवासी, बसंत लाल बनवासी, पूनम देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बिरसा मुंडा के संघर्ष और सपनों को साकार करने का सबसे मजबूत रास्ता शिक्षा और सामाजिक एकजुटता है।






