*TV 20 NEWS || AZAMGARH :सुहेलदेव विवि.जीडीसी अहिरौला,गांधी शताब्दी स्मारक महाविद्यालय कोयलसा,आईटीआई में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ भव्य प्रसारण*

मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को टेबलेट वितरण कार्यक्रम का जनपद के विभिन्न कॉलेजों में हुआ सजीव प्रसारण

 

आजमगढ़ 15 नवंबर 2026

मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत
25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह एवं 50,000+ छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों के टैबलेट वितरण कार्यक्रम का जनपद आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन व निर्देशन में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय सहित विभिन्न कॉलेजों में सजीव प्रसारण किया गया।

मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हम सब युवा शक्ति के प्रतीक अपने छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण के इस द्वितीय चरण के अभियान से जोड़ रहे हैं। हमने आज का दिन इसलिए भी चुना है, क्योंकि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की पावन जयंती है।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत पहले चरण में हमने 60 लाख छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए थे। मुझे प्रसन्नता है कि आज हम 25 लाख युवाओं के लिए टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ कर रहे हैं।

वर्ष 2022 व 2023 में भी आंशिक रूप से ऑनलाइन परीक्षाओं में हमारे युवाओं ने वितरित किए गए टैबलेट और स्मार्टफोन का उपयोग किया था। आई आई एम लखनऊ के माध्यम से हमने इसका सर्वे कराया था, जिसमें यह पाया गया कि टैबलेट और स्मार्टफोन के उपयोग के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए थे।

महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ अमृतलाल व मीडिया प्रभारी डॉ प्रवेश सिंह के नेतृत्व में छात्रावास परिसर में, उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजकीय महिला महाविद्यालय अहिरौला, गांधी शताब्दी स्मारक महाविद्यालय कोयलसा, प्रिंसिपल आईटीआई दीपक कुमार यादव के नेतृत्व में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आजमगढ़ ,मेहनगर ,लालगंज सहित जनपद के विभिन्न कॉलेजों में छात्राओं की उपस्थिति में सजीव प्रसारण हुआ।

सजीव प्रसारण के समन्वय में सीडीओ कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर,एडीएम राजीव कुमार शुक्ल, जिला सूचना अधिकारी डॉ पंकज कुमार व अन्य अधिकारीगण लगे रहे।