*TV 20 NEWS || AZAMGARH :पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित हुई ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का किया गया सजीव प्रदर्शन*

 

हवाई हमले की चेतावनी, सायरन, ब्लैक आउट, ड्रोन निष्क्रिय करने, अग्निशमन एवं घायलों के रेस्क्यू का किया गया अभ्यास

नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने समन्वित रूप से किया राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन

डीएम , एसएसपी के निर्देशन में आयोजित हुआ व्यापक मॉक ड्रिल अभ्यास

आजमगढ़, 22 नवंबर 2026।

शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आज शाम 6 बजे पुलिस लाइन आजमगढ़ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, बचाव एवं राहत कार्यों के संचालन तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय की तैयारियों का सजीव प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल का शुभारंभ सामान्य जनजीवन की स्थिति के प्रदर्शन के साथ हुआ। इसके पश्चात शाम 6:05 बजे हवाई हमले की सूचना प्रसारित होते ही रेड अलर्ट जारी किया गया तथा दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। इसके साथ ही सभी विद्युत लाइनों की आपूर्ति बंद कर ब्लैक आउट किया गया। इस दौरान नागरिकों द्वारा हवाई हमले से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा लोगों को बंकर में पहुंचाकर सुरक्षित आश्रय दिलाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
शाम 6:08 बजे नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुश्मन के ड्रोन को निष्प्रभावी करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया। इसके बाद 6:10 बजे हवाई हमले की समाप्ति का संकेत देते हुए ग्रीन सिग्नल जारी किया गया तथा दो मिनट तक ऊंची आवाज में सायरन बजाया गया। शाम 6:12 बजे घटना नियंत्रण अधिकारी द्वारा घटनास्थल की स्थिति का आकलन कर नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना प्रेषित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

अग्निशमन एवं राहत-बचाव कार्यों का किया गया सजीव प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के अगले चरण में विभिन्न प्रकार की आग से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया। इसमें गैस सिलेंडर में लगी आग, पेट्रोल की आग एवं अन्य छोटी आग को बुझाने की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई। घर में आग लगने से अंदर फंसे व्यक्ति को फायर सूट पहनकर सुरक्षित बाहर निकालने तथा अग्निशमन विभाग के फायर टेंडर के माध्यम से आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने का भी प्रदर्शन किया गया। इसमें घायलों की चोटों पर पट्टी बांधना, टूटी हुई हड्डियों को स्थिर रखने के लिए स्प्लिंट बांधना तथा उपलब्ध उपकरणों से स्ट्रेचर तैयार कर घायलों को फर्स्ट एड पोस्ट एवं एंबुलेंस तक पहुंचाने की प्रक्रिया शामिल रही।

विभिन्न आपातकालीन रेस्क्यू तकनीकों का हुआ प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान ऊंची इमारतों से घायलों को सुरक्षित निकालने के लिए जाल का उपयोग तथा टू-हैंडेड सीट, थ्री-हैंडेड सीट, पिक-ए-बैक, फोर-एंड-आफ्ट सहित विभिन्न आपातकालीन रेस्क्यू तकनीकों का अभ्यास किया गया। इसके अतिरिक्त दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे घायल व्यक्ति को वाहन का शीशा तोड़कर सुरक्षित बाहर निकालने तथा एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। होटल की दीवार काटकर अंदर फंसे घायल व्यक्ति को बाहर निकालने का भी अभ्यास किया गया। इस दौरान एसडीआरएफ की टीमों के घटनास्थल पर पहुंचने, स्थिति का नियंत्रण अपने हाथ में लेने तथा आगे की राहत एवं बचाव कार्रवाई संचालित करने का प्रदर्शन किया गया।

विभिन्न विभागों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ किया अभ्यास

इस व्यापक मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, सफाई कर्मचारी, होमगार्ड, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवा सहित विभिन्न विभागों एवं इकाइयों की टीमें शामिल रहीं। सभी टीमों ने आपसी समन्वय एवं तत्परता के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को संपादित करने का अभ्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार शुक्ल तथा प्रशिक्षु आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर ने बड़ी संख्या में उपस्थित जनमानस को ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के विभिन्न चरणों, आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रियाओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, आपदा विशेषज्ञ डॉ. चंदन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहे।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, जनसुरक्षा, प्रभावी संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा, जिससे किसी भी संभावित आपदा अथवा संकट की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम रखते हुए प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।