*TV 20 NEWS || AZAMGARH:जनगणना–2027 के प्रति जागरूकता की पहल: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने लिया स्वगणना एवं जनगणना में सहभागिता का संकल्प*
आजमगढ़, 23 नवंबर 2026//
जनगणना–2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जनगणना जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जनगणना के फील्ड ट्रेनर अरविंद सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान जनगणना–2027 के उद्देश्यों, स्वगणना की प्रक्रिया एवं आगामी घर-घर जनगणना के संबंध में उपस्थित जनसमूह को विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए जनगणना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में भरे सभागार में उपस्थित लोगों को स्वगणना करने तथा जनगणना के दौरान सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने का संकल्प दिलाया गया।
लोगों को बताया गया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक निवासी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
जनगणना–2027 की समय-सारिणी
– 16 से 30 नवंबर 2026: स्वगणना (Self Enumeration) – https://se.census.gov.in
– 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027: घर-घर जनगणना।
– 5 से 9 जनवरी 2027: पुनरीक्षण चरण (Revisional Round)।
जनपदवासियों से अपील की गई कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी स्वगणना अवश्य करें तथा घर-घर जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
सही जानकारी देंगे, बढ़ेगा आजमगढ़, बढ़ेगा प्रदेश और बढ़ेगा देश!
हमारी जनगणना, हमारा विकास।






