*TV 20 NEWS || AZAMGARH :मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की 25वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न*

प्लाटों को ई-लॉटरी के माध्यम से विक्रय हेतु केवल ऑनलाइन आवेदन की स्वीकार किये जायं: मण्डलायुक्त

प्लाटों के विक्रय हेतु बुकलेट में नियम एवं शर्तें बिल्कुल स्पष्ट होने चाहिए, एक ही बिन्दु को बार-बार अंकित करने की आवश्यकता नहीं: जिलाधिकारी

आज़मगढ़ 23 नवम्बर 2026/

मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की 25वीं बोर्ड बैठक आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें कुल 8 प्रस्ताव प्रस्तुत किये गये। मण्डलायुक्त ने प्रस्तुत प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोन्त्साहन योजना के तहत विकसित की जा रही तमसा गार्डेन एनक्लेव आवासीय परियोजना के अन्तर्गत प्लाटों का ई-लॉटरी के माध्यम से विक्रय हेतु केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किये जायं, किसी भी दशा में ऑफलाइन आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह अत्यन्त महवपूर्ण योजना है, इसमें पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन हेतु नियत तिथि के उपरान्त आवेदन प्रक्रिया स्वतः बन्द हो जाय, इसके लिए आवश्यकतानुसार साफ्टवेयर में बदलाव कराया जाय।

बैठक में अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोन्त्साहन योजना के अन्तर्गत तहसील सदर के राजस्व ग्राम कोटिला में तमसा गार्डेन एनक्लेव आवासीय परियोजना के फेज-1 के अन्तर्गत भूमि क्षेत्रफल 44.90 एकड़ का परिचालन के माध्यम से भू-उपयोग कृषि से आवासीय में परिवर्तन किये जाने में कोई कठिनाई नहीं है। मण्डलायुक्त विवेक ने इस सम्बन्ध में निर्देश दिया कि इस योजना के तहत एलडीए द्वारा सम्पादित समस्त कार्यवाही का पुनः बारीकी से अध्ययन कर लें, सारी कार्यवाही उसी के अनुसार पूरी की जाय, ताकि रेरा के स्तर से किसी भी आपत्ति लगाये जाने तथा योजना का क्रियान्वयन विलम्बित होने की संभावना समाप्त हो सके।

बैठक में मण्डलायुक्त विवेक एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोन्त्साहन योजना के अन्तर्गत विकसित की जा रही तमसा गार्डेन एनक्लेव आवासीय परियोजना के अन्तर्गत प्लाटों का ई-लॉटरी के माध्यम से विक्रय के सम्बन्ध में प्रचार प्रसार हेतु तैयार की गयी । बुकलेट में आवेदन की प्रक्रिया, आरक्षण, पंजीयन, पंजीयन शुल्क, प्लाट आवंटन, किस्तों के निर्धारण, भुखण्डों का विवरण, भुगतान पद्धति, भूखण्डों का कब्जा आदि से सम्बन्धित समस्त बिन्दुओं गहनता से परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने परीक्षण में एक ही बिन्दु का उल्लेख कई स्थानों पर अंकित होने के सम्बन्ध में कहा कि इससे आमजन के समक्ष भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए एक ही बिन्दु को बार-बार अंकित करने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि आवश्यकतानुसार पूर्व में उल्लिखित बिन्दु का रेफेरेन्स अंकित किया जाय। जिलाधिकारी ने प्रस्तुत बुकलेट में जहॉं जहॉं संशोधन की आवश्यकता पायी उसे इंगित करते हुए तद्नुसार तैयार करने की हिदायत दी।

बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोन्त्साहन योजना के अन्तर्गत राजस्व ग्राम कोटिला में भूमि क्षेत्रफल 447.90 एकड़ पर योजना का ले-आउट प्लान आबद्ध कन्सल्टेन्ट मेसर्स एरिनेम कन्सल्टेन्सी सर्विसेज प्रा.लि. द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, सहयुक्त नियोजक, प्लानिंग नीलेश सिंह कटियार, अधीक्षण अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग महावीर सिंह, बोर्ड के मनोनीत सदस्य प्रेम प्रकाश राय, प्रेमनारायण पाण्डेय व श्यामनारायण सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

————————–