मतदान के सम्पूर्ण अनुभव को आनन्ददायक एवं पुष्टिकारक बनाने के लिए आदर्श मतदान केन्द्र की संकल्पना शुरू की है – DM
मीडिया सेल
विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय
आजमगढ़
प्रेस नोट
आजमगढ़ 02 मार्च– अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र ने बताया है कि जनपद में विधान सभा निर्वाचन 2022 की सम्बन्धित प्रक्रिया के अन्तर्गत निर्वाचन आयोग ने मतदान केन्द्र प्रणाली को और अधिक महत्व देने के उद्देश्य से और मतदाता के लिए मतदान के सम्पूर्ण अनुभव को आनन्ददायक एवं पुष्टिकारक बनाने के लिए आदर्श मतदान केन्द्र की संकल्पना शुरू की है। ऐसे मूल्यवर्धन के लिए महत्वपूर्ण निर्णायक तथ्य मतदान दिवस के दिन मतदान केन्द्र में मतदाता को वास्तविक अनुभव होगा, मतदान के आसान एवं आराम दायक होने तथा सम्पूर्ण प्रक्रिया के साथ उसके जुड़ाव को मजबूती प्रदान करने को ध्यान में रखते हुए जनपद के नगर पालिका परिषद आजमगढ़, नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक, प्रत्येक नगर पंचायत में एक तथा प्रत्येक विकास खण्ड में एक मतदान केन्द्र को आदर्श मतदान केन्द्र के रूप में स्थापित करने का निर्णय किया गया है।
उक्त के क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने ईओ नगर पालिका परिषद आजमगढ़/मुबारकपुर, समस्त ईओ नगर पंचायत आजमगढ़ एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत तथा विकास खण्ड में उपरोक्तानुसार आदर्श मतदान केन्द्र का चयन कर उसमें निम्न सुविधाओं से सुसज्जित करें। जिसके अन्तर्गत भवन अच्छी स्थिति में हो तथा सुसज्जित हो, भवन तक पहुँच आसान हो, मतदान कार्मिको एवं मतदान अभिकर्ताओं हेतु अच्छी गुणवत्ता वाला फर्नीचर हो, डिस्प्ले बोर्ड/साइनेज, निकास, प्रवेश जैसे संकेतक आदि की सुविधाएँ हो, बुनियादी न्यूनतम सुविधाएँ अर्थात् बिजली (जनरेटर वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पेट्रोमेक्स), पृथक शौचालय, पेयजल, टेनटेज, रैम्प एवं दिव्याग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर्स, मतदाता सहायता बूथ, जहाँ बूथ लेबल अधिकारी तैनात हों जिसके पास वर्णक्रमानुसार (अल्फाबेटिकल) निर्वाचक नामावली एवं अवितरित मतदाता पर्चियों हो, मैटिंग की व्यवस्था तथा गुब्बारों से साज सजावट हासे। कोविड हेल्प डेस्क की व्यवस्था हो जिसमें सेनिटाइजर की व्यवस्था, मास्क की व्यवस्था, थर्मल स्कैनर की व्यवस्था, पल्स आक्सीमीटर की व्यवस्था, रैपिड एन्टीजेन कोविड टेस्टिंग किट की व्यवस्था तथा सामाजिक दूरी बनाने के लिए प्रत्येक कतार में खड़े होने के लिए 2-2 गज की दूरी पर वृत्ताकार निशान बनाये जाय। बेहतर कतार प्रबन्धन के लिए कतार प्रबन्धकों या रोप सेपरेटर का प्रयोग, स्वयं सेवियों की सहायता, टोकन का वितरण, कतार में मतदाताओं को पेयजल प्रदान करना, दृष्टिविहिन/असक्त/वृद्ध मतदाताओं, गर्भवती महिलाओं/स्तनपान कराने वाली माताओं आदि के लिए प्राथमिकता के आधार पर मतदान की व्यवस्था, कतार में मतदाताओं के लिए बैठने की व्यवस्था किया जाय। स्वयं सेवियों की व्यवस्था के लिए मतदाताओं के स्वागत के लिए एन.सी.सी./एन.एस.एस. या अन्य छात्र-छात्राओं को लगाया जाय तथा चिकित्सा/प्राथमिक उपचार की व्यवस्था हो।
उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपरोक्तानुसार आदर्श मतदान केन्द्र बनाकर दिनांक 06 मार्च 2022 के सांयकाल तक मतदान केन्द्र के फोटोग्राफ जनपद के निर्वाचन ग्रुप में व्हाट्सअप के माध्यम से प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
—–जि0सू0का0-आजमगढ़-02.03.2022——-






