आजमगढ़ : अपर आयुक्त (प्रशासन) हुए सेवानिवृत्त, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दी भावपूर्ण विदाई

 

घर पर रहकर खेती के कामों में हाथ बॅंटाना है उद्देश्य : अपर आयुक्त (प्रशासन)

कार्यों के प्रति समर्पण और व्यवहार में नरमी रही है इनकी पहचान : अपर अयुक्त (न्यायिक)

आज़मगढ़ 31 जुलाई — मण्डल के अपर आयुक्त (प्रशासन) हंसराज यादव अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सोमवार को सेवानिवृत्त हो गये हैं। इस अवसर पर मण्डालयुक्त कार्यालय के सभागार में अपर आयुक्त (न्यायिक) कमलेश कुमार अवस्थी की अध्यक्षता में विदाई समारोह का आयोजन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त अपर आयुक्त श्री यादव को भावपूर्ण विदाई दी गयी। विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए अपर आयुक्त (न्यायिक) श्री अवस्थी ने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे अपर अयुक्त द्वारा शासकीय सेवा की लम्बी अवधि बेदाग और सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया जाना कार्यों के प्रति इनकी समर्पण की भावना का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपर आयुक्त (प्रशासन) के साथ कार्य करने का अवसर महज 6-7 माह का ही रहा है, परन्तु इस अवधि में कार्यों में प्रति समर्पण, व्यवहार में नरमी और दायित्वों के प्रति सजगता का जो अध्ययन किया गया है वह निश्चित रूप से हम सभी के लिए अनुकरणीय है।

विदाई समारोह के मुख्य अतिथि अपर आयुक्त (प्रशासन) हंसराज यादव ने कहा कि वह जनपद भदोही जनपद के एक किसान परिवार से तअल्लुक रखते हैं तथा शासकीय सेवा में आने से पूर्व वह पढ़ाई के साथ-साथ कृषि कार्यों में भी परिवार का हाथ बॅंटाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के उपरान्त उनका उद्देश्य पुनः खेती किसानी के कार्यों में परिवारजनों का हाथ बॅंटाना है। उन्होंने कहा कि उनकी शासकीय सेवा का अधिकांश कार्यकाल पूर्वांचल के जनपदों में ही रहा है, उनकी जहॉं भी पोस्टिंग हुई परिस्थितियॉं लगभग एक समान ही रही हैं, इसलिए कार्यों के निस्पादन में उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। अपर आयुक्त श्री यादव ने कहा कि जनपद मऊ से मुख्य राजस्व अधिकारी के पद से अपर आयुक्त के पद पर स्थानान्तरण के उपरान्त शुरुआती दिनों में उन्हें कुछ असहजता महसूस हुई परन्तु तत्कालीन आयुक्त विजय विश्वास पन्त एवं वर्तमान आयुक्त मनीष चौहान के कुशल निर्देशन तथा कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की कार्यों के प्रति निष्ठा, लगन और कर्मठता के कारण उनके द्वारा असहजता पर त्वरित काबू पा लिया गया।

कार्यक्रम को उप निदेशक समाज कल्याण आरके चौरसिया, डीआईजी स्टाम्प वीके तिवारी, सहायक आयुक्त औषधि गोविन्द लाल गुप्ता, सहायक आयुक्त खाद्य श्रवण कुमार मिश्र, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्यारे मोहन श्रीवास्तव, मन्त्री जयप्रकाश यादव, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता विनोद कुमार त्रिपाठी, अनिल सिंह आदि ने भी सम्बोधित किया।

विदाई समारोह के अवसर पर अपर आयुक्त (न्यायिक) कमलेश कुमार अवस्थी, प्रशासनिक अधिकारी अरुण कुमार त्रिपाठी, प्रशासनिक अधिकारी राजेश यादव, पेशकार अनिल मौर्य, रामकुमार शर्मा आदि ने सेवानिवृत्त अपर आयुक्त श्री यादव को श्रीमद् भागवत् गीता, श्रीराम चरित मानस, शाल आदि भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी गयी, जबकि जनपद के वयोवृद्ध कवि आचार्य सहदेव पाण्डेय द्वारा अपनी नवीन रचना भेंट की गयी। कार्यक्रम का संचालन अपर सांख्यिकी अधिकारी सुनील कुमार प्रजापति ने किया।

इस अवसर पर मण्डलीय अर्थ एवं संख्याधिकारी डा.नीरज श्रीवास्तव व हेमन्त कुमार, आयुक्त कार्यालय, संयुक्त विकास आयुक्त कार्यालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, अभियोजन कार्यालय, खाद्य एवं रसद कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा माल्यार्पण कर अपर आयुक्त को विदाई दी गयी।

———————————————

जि0सू0का0 आज़मगढ़ द्वारा प्रसारित :ः दिनांक 31.07.2023