*TV 20 NEWS || AZAMGARH: नए साल में जश्न के लिए बीयर की दुकान पर की थी लूट, छह गिरफ्तार*

आजमगढ़। मेंहनगर थाने की पुलिस ने सोमवार को जाफरपुर में बीयर की दुकान पर हुई लूट की घटना को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को मगरावां मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 30 हजार रुपये, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और दो बाइक भी बरामद किया। उक्त आरोपियों ने सेल्समैन की मदद से लूट को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि उन्हें नए साल में जश्न के लिए पैसे की जरूरत थी। इसी को लेकर लूट किए थे।एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मेंहनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर में स्थित बीयर की दुकान पर सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी गांव निवासी आलोक राजभर उर्फ अभिषेक सेल्स मैन था। उसने कहने पर 12 दिसंबर को बीयर की दुकान के मालिक ने लूट होने का मुकदमा पंजीकृत कराया था।पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर जांच में जुटी थी। सोमवार को मेंहनगर थाने की पुलिस अपनी टीम के साथ मगरावां मोड़ से विषहम की तरफ जाने वाले रोड पर जांच कर रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये नगद, पांच मोबाइल व घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल, तमंचा, कारतूस और दो बाइक बरामद की गई।अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर निवासी आराेपी सत्यम कुमार ने बताया कि बीयर की दुकान का सेल्समैन आलोक मेरा दोस्त है। उसने कहा कि मेरा मालिक ठीक नहीं है। आज बीयर की बिक्री का पैसा मुझे मारपीट कर उठा ले जाओ। मैं मालिक को लूट की घटना बता दूंगा। आलोक के कहने पर अपने दोस्तों के साथ दुकान पर पहुंचकर 28 हजार रुपये व दो पेटी बीयर और आलोक का मोबाइल लेकर चले गए।बीयर को दो हजार रुपये में बेच दिए थे। सोमवार को आलोक ने रुपये का बंटवारा करने के लिए बुलाया था कि पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी गांव निवासी आलोक राजभर उर्फ अभिषेक, अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर के सत्यम कुमार, सौरभ कुमार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रतनावे गांव निवासी साहिल राजभर उर्फ शिवम राजभर, अतरौलिया थाना क्षेत्र के पलया करौदी गांव निवासी विजय राजभर व साहिल राजभर शामिल है।