*TV 20 NEWS || AZAMGARH : एसआईआर विषयक अंतिम मतदाता सूची जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया प्रकाशित*

जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली अन्तिम प्रकाशन की बूथवार सूची समस्त विधान सभाओं की साफ्ट व हार्ड कॉपी में प्रदान की गयी-डीईओ

27 अक्टूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक चले एसआईआर कार्यक्रम में सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों एवं मतदेय स्थलों पर सभी 10 ईआरओ, 271 एईआरओ, 4387 बीएलओ द्वारा महत्वपूर्ण योगदान प्रदान किया गया

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के अवसर पर प्रेस वार्ता करते हुए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत की गई कार्यवाही के विवरण को किया गया जारी

सभी मतदाताओं से अपील है कि अपना नाम आप अपने नियत बूथ पर जाकर मतदाता सूची में चेक कर लें और यदि किसी कारणवश आपका नाम मतदाता सूची में आने से छूट गया हो तो वे वोटर हेल्पलाइन ऐप अथवा voters.eci.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन फ़ार्म भरें अथवा फॉर्म-6 भरकर अपने बी0एल0ओ0 या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को भी दे सकते हैं

आजमगढ़ 10 अप्रैल 2026/

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अर्हता दिनांक 01.01.2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविंद कुमार द्वारा 10.04.2026 को जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली (अन्तिम प्रकाशन) की बूथवार सूची 01-01 प्रति समस्त विधान सभाओं की साफ्ट व हार्ड कॉपी में प्रदान की गयी है। जनपद-आजमगढ़ में 27.10.2025 को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के समय 3714258 मतदाता थे। दिनांक-06.01 2026 को आलेख्य प्रकाशन के समय मतदाता सूची में कुल 3147652 मतदाता थे, जिसमे से 1719537 पुरुष, 1428063 महिला एवं 52 अन्य श्रेणी के मतदाता थे। आज दिनांक-10.04.2026 को अन्तिम प्रकाशन के समय मतदाता सूची में कुल 3362770 मतदाता दर्ज है, जिसमे 1829710 पुरुष मतदाता, 1533011 महिला एवं 49 अन्य श्रेणी के मतदाता है।

भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार दावें एवं आपत्तियों का समय दिनांक-27.10.2025 से 06.03.2026 तक था। इस दौरान मतदाताओं, बी०एल०ओ० एवं बी०एल०ए० के माध्यम से दावे तथा आपत्तियां प्राप्त हुई। दिनांक-27.10.2025 से लेकर अद्यतन कुल 236751 फार्म 6 प्राप्त हुए, जिसमे निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियो द्वारा विधिक प्रक्रिया पालन करते हुए 231303 फार्म स्वीकृत किये गये तथा 1211 फार्म 6 अस्वीकृत किये गये। दिनाक-06. 03.2026 के बाद कुल 4237 फार्म 6 प्राप्त हुये है, जिनका भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निस्तारण किया जा रहा है। निस्तारण के उपरान्त नयी पूरक सूची में ये नाम नियमानुसार शामिल किये जायेगें। इसी प्रकार इस अवधि में कुल 13571 फार्म-7 प्राप्त हुए, अन्य जनपदों एवं प्रदेशों में निवासरत मतदाताओं द्वारा शिफ्टिंग के फार्म भरे गये, जिनके सापेक्ष जनपद आजमगढ़ की विधान सभाओं में फार्म/ऑटो जनरेट हुए, जिनको लेकर कुल 19984 फार्म 7 स्वीकृत हुए, 844 फार्म 7 अस्वीकृत हुए। दिनाक 06.03.2026 के बाद कुल 876 फार्म 7 प्राप्त हुए, जिनका भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निस्तारण किया जा रहा है। इसी दौरान कुल 60502 फार्म-8 प्राप्त हुये, जिसमें 57115 फार्म-8 स्वीकृत किये गये तथा 1013 फार्म-8 अस्वीकृत किये गये है। दिनांक-06.03.2026 के बाद कुल 2374 फार्म-8 प्राप्त हुये है, जिनका भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निस्तारण किया जा रहा है। इस प्रकार इस प्रक्रिया के दौरान कुल 231303 नाम मतदाता सूची में शामिल किये गये तथा 19984 नाम मतदाता सूची से हटाये गये।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 में स्वयं या अपने माता/ पिता/दादा/दादी / नाना/ नानी/अभिभावक से डाटा मैपिंग नहीं कराने के 158627 प्रकरण तथा लॉजिकल डिस्क्रिपेन्सी श्रेणी के 609920 प्रकरण आये। इस प्रकार कुल 768547 नोटिस सुनवाई के लिए जारी किये गये। संबंधित विधान सभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियो द्वारा इन सभी प्रकरणों पर सुनवाई करके इनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया।

जनपद में कुल 4387 बूथ लेवल अधिकारी, 271 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं 10 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियो के द्वारा दिन-रात परिश्रम करते हुए आयोग के मंशा के अनुरूप मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने हेतु विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। जनपद में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा मतदाताओं एवं बी०एल०ओ० के मध्य समन्वय स्थापित करने के लिए कुल 13905 बूथ लेवल एजेन्ट तैनात किये गये। पुनरीक्षण अवधि में मतदाताओ द्वारा मतदाता सूची में पंजीकरण, स्थानान्तरण आदि के संबंध में बी०एल०ओ० से सहायता प्राप्त करने हेतु दिनांक- 27.10.2025 से 10.04.2026 तक बी०एल०ओ० ऐप पर 15566 कॉल प्राप्त हुए, जिसका त्वरित निस्तारण बी०एल०ओ० से कराया गया। इसी प्रकार एन०जी०एस०पी० पोर्टल पर कुल 2139 शिकायते प्राप्त हुई, जिसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया।

जनपद आजमगढ़ के सभी सम्मानित मतदाताओ से अनुरोध है कि अन्तिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली मतदाताओं के निरीक्षण हेतु मतदेय स्थलों पर एक सप्ताह तक उपलब्ध रहेगी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय एव जिला निर्वाचन कार्यालय में भी निःशुल्क निरीक्षण कर सकते है। यदि किसी मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित होने से छूट गया हो, तो वे मतदाता फार्म 6 भरकर अपने बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा कर सकते है अथवा ऑनलाइन voter.eci.gov.in या Voter Helpline App पर भर सकते है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा,जिला सूचना अधिकारी डॉ‌.पंकज कुमार व मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।