TV 20 NEWS || AZAMGARH : राष्ट्रीय लोक अदालत तथा उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील विधिक सेवा समिति सदर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का किया गया आयोजन

राष्ट्रीय लोक अदालत तथा उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील विधिक सेवा समिति सदर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का किया गया आयोजन

आजमगढ़ 05 मई 2026/

मा0 उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में तहसील विधिक सेवा समिति सदर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिविर में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत तथा उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करना था।

शिविर को सम्बोधित करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय आजमगढ़ नितिका राजन द्वारा बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को कोई कानूनी समस्या है तथा उसका निस्तारण नहीं हो पा रहा है, तो ऐसे व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ में उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दे सकते हैं, जिसका सम्बन्धित प्राधिकारी द्वारा निस्तारण किया जाता है। सचिव द्वारा बताया गया कि दिनांक 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय व तहसील स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें मोटर दुर्घटना से सम्बन्धित वाद, दीवानी वाद, वैवाहिक वाद, आपराधिक समनीय वाद, एन०आई० एक्ट, विद्युत अधिनियम बैंक के ऋण सम्बन्धी वाद, राजस्व वाद, चकबन्दी वाद तथा वे समस्त वाद जो सुलह समझौता के तहत निस्तारित किये जा सकते है, को जरिये सुलह समझौता निस्तारित कराया जायेगा।

सचिव द्वारा बताया गया कि वैवाहिक विवादों का प्री-लिटिगेशन स्तर पर निस्तारण हेतु प्रार्थना पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा किया जा सकता है, जिसका निस्तारण प्री-लिटिगेशन पीठ के माध्यम से किया जाता है। सचिव द्वारा बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति गरीब व असहाय है तथा अधिवक्ता नामित करने में असमर्थ है तो वह प्रार्थना पत्र के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकता है।

आशीष कुमार राय, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल द्वारा नालसा हेल्पलाइन नं0- 15100 के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को कानूनी सहायता की आवश्यकता है तो वह हेल्पलाइन नम्बर पर कॉल कर विधिक जानकारी प्राप्त कर सकता है।

इस अवसर पर तहसीलदार, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल्स के सदस्य, वन स्टॉप सेन्टर की महिलायें, पराविधिक स्वयं सेवक तथा क्षेत्र की महिलायें उपस्थित रहीं।