*TV 20 NEWS ||AZAMGARH : मिजवां की बेटियों ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में लहराया परचम,5 स्वर्ण व 1 कांस्य पदक जीतकर आज़मगढ़ और पूर्वांचल का बढ़ाया मान, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित*

मिजवां की बेटियों ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में लहराया परचम

5 स्वर्ण व 1 कांस्य पदक जीतकर आज़मगढ़ और पूर्वांचल का बढ़ाया मान, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

आजमगढ़, 21 मई 2026 /
मिजवां की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए आज़मगढ़ एवं पूरे पूर्वांचल का नाम गौरवान्वित किया है। नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 13 से 15 मई 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में श्री कैफ़ी आज़मी स्पोर्ट्स अकादमी की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण एवं 1 कांस्य पदक अपने नाम किया।

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर आज कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों द्वारा राष्ट्रीय मंच पर इस प्रकार की उपलब्धि हासिल करना पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और मिजवां की इन खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकती हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। जिलाधिकारी ने अकादमी के प्रशिक्षकों एवं प्रबंधन की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि आज जनपद की बेटियां राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता अर्जित कर रही हैं।

इस अवसर पर संयोगिता प्रजापति, सीईओ गुरजीत कौर, सलीम खान (सीनियर मैनेजर), मनोज कुमार प्रजापति (डिप्टी मैनेजर), कोच नीरज एवं संजय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्री कैफ़ी आज़मी स्पोर्ट्स अकादमी की यह उपलब्धि न केवल जनपद के लिए गौरव का विषय है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है। खिलाड़ियों की इस सफलता से क्षेत्र में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।