*TV 20 NEWS ||LUCKNOW:महान संत, दार्शनिक एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अर्पित की श्रद्धांजलि*

प्रेस विज्ञप्ति

– *महान संत, दार्शनिक एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अर्पित की श्रद्धांजलि*

लखनऊ, 4 जुलाई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज महान संत, दार्शनिक, राष्ट्रचिंतक एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि (स्मृति दिवस) के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, आध्यात्मिक चेतना, मानव कल्याण और युवाओं को आत्मविश्वास एवं चरित्र निर्माण की प्रेरणा देने के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी करोड़ों युवाओं के लिए मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत हैं।

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सार्वभौमिक मानवता के संदेश को पूरे विश्व में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा था कि राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा आधार जागरूक, शिक्षित, संस्कारित और आत्मविश्वासी युवा है। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक नागरिक, विशेष रूप से युवा वर्ग, उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाए।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार भारत के सभी महापुरुषों, संतों, समाज सुधारकों और राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान का सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने महापुरुषों के नाम पर राजनीति और सत्ता पाने का काम किया, माननीय प्रधानमंत्री जी के द्वारा उचित सम्मान और स्मरण दिया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लिए देश और देशवासी सर्वोपरि हैं। उनकी सरकार का प्रत्येक निर्णय राष्ट्रहित, जनकल्याण, गरीबों के उत्थान और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से प्रेरित है। डबल इंजन सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अंत में श्री मौर्य ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के राष्ट्रभक्ति, सेवा, समरसता, आत्मानुशासन और मानवता के आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यही स्वामी विवेकानंद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।