*TV 20 NEWS || AZAMGARH:आईएमए चुनाव में डॉ. डीपी राय अध्यक्ष और डॉ. रजनी त्रिपाठी बनीं सचिव, डॉ. फरहान अहमद निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुने गए*

आईएमए चुनाव में डॉ. डीपी राय अध्यक्ष और डॉ. रजनी त्रिपाठी बनीं सचिव, डॉ. फरहान अहमद निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुने गए

आजमगढ़। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सत्र 2026-28 का द्विवार्षिक चुनाव हरिहरपुर स्थित आईएमए भवन में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. नंदलाल यादव और चुनाव आयुक्त डॉ. अभिषेक सिंह की देखरेख में हुए इस चुनाव में भारी उत्साह देखा गया, जहाँ कुल 234 मतदाताओं में से 220 डॉक्टरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अध्यक्ष पद के लिए डॉ. डीपी राय ने 146 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं उनके प्रतिद्वंदी डॉ. आनंद सिंह को महज 74 मतों से संतोष करना पड़ा।

सचिव पद के लिए चुनाव में बेहद दिलचस्प मोड़ आया, जब दोनों प्रत्याशी डॉ. रजनी त्रिपाठी और डॉ. मोहम्मद खालिद 110-110 मतों के साथ बराबरी के बाद मुकाबला टाई हो गया।

निवर्तमान अध्यक्ष डॉक्टर निर्मल श्रीवास्तव ने बताया कि अंत में डॉक्टर खालिद की सहमति और कार्यकारिणी के निर्णायक फैसले के बाद सचिव पद पर डॉ. रजनी त्रिपाठी को विजयी घोषित किया गया।

कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. फरहान अहमद पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा होते ही जश्न का माहौल छा गया। डॉक्टरों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-मालाओं से लादकर बधाई दी। वरिष्ठ चिकित्सकों ने नई कार्यकारिणी के सफल और उज्जवल कार्यकाल की कामना की है।