*TV 20 NEWS || DELHI: निरंकारी कॉलोनी में सेक्टर स्तरीय महिला समागम का भव्य आयोजन*

*निरंकारी कॉलोनी में सेक्टर स्तरीय महिला समागम का भव्य आयोजन*

*दिल्ली, 26 जुलाई 2026:* सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी की असीम कृपा से निरंकारी कॉलोनी के ग्राउंड नं. 8, बुराड़ी रोड, दिल्ली में सेक्टर स्तरीय निरंकारी महिला संत समागम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नत्थूपुरा, संत नगर, हरदेव नगर, निरंकारी कॉलोनी, मुखर्जी नगर, मॉडल टाउन एवं विजय नगर शाखाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

इस कार्यक्रम में सतगुरु माता जी की शिक्षाओं का व्याख्यान करने हेतु देहरादून से पधारी ज्ञान प्रचारक बहन पिंकी निझोन ने अपने प्रेरणादायी विचारों में कहा कि केवल सत्संग सुनना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि सत्गुरु के वचनों को जीवन में अपनाना ही सच्चा श्रवण है। उन्होंने राजमाता जी द्वारा सुनाई गई शिकारी और पक्षियों की कथा के माध्यम से लालच से बचने, आत्मचिंतन करने तथा सतगुरु के वचनों पर चलने की शक्ति माँगने की प्रेरणा दी। उन्होंने सत्संग को कल्पवृक्ष बताते हुए प्रेम, सेवा, विनम्रता, पाँच प्रणों के पालन, समय के महत्व, संगत को ग्रहण कर जीवन में उतारने, बच्चों को संगत से जोड़ने तथा सेवा और सत्संग की स्थायी महिमा पर प्रकाश डाला। अंत में उन्होंने जीवन के गूढ़ प्रश्न—”मैं कौन हूँ? कहाँ से आया हूँ और मुझे कहाँ जाना है?”—पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस परम सत्य का बोध केवल और केवल समय के पूर्ण सत्गुरु की कृपा से ही संभव है। जब आत्मा अपने मूल (ब्रह्म) को जान लेती है, तभी जीवन कल्याणमय बन जाता है।

समागम के दौरान विभिन्न शाखाओं की बहनों ने विचार, गीत एवं कविताओं के माध्यम से सत्गुरु के पावन संदेश को प्रस्तुत कर आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया।

कार्यक्रम के अंत में निरंकारी कॉलोनी सेक्टर के संयोजक आदरणीय मनमोहन सिंह खुराना ने सभी मुखियों, संयोजकों, सेवादल और दूर-दराज़ से पधारी बहनों एवं साध संगत का समागम को सफल बनाने हेतु हार्दिक आभार व्यक्त किया।