*TV 20 NEWS || LUCKNOW: प्रयागराज विकास, विरासत और नवाचार का सशक्त संगम बन रहा है : केशव प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश आज विकास की दौड़ में देश का अग्रणी राज्य, ब्रह्मोस से लेकर सेमीकंडक्टर तक हो रहा निर्माण : उपमुख्यमंत्री*
प्रेस विज्ञप्ति
– *प्रयागराज विकास, विरासत और नवाचार का सशक्त संगम बन रहा है : केशव प्रसाद मौर्य*
– *उत्तर प्रदेश आज विकास की दौड़ में देश का अग्रणी राज्य, ब्रह्मोस से लेकर सेमीकंडक्टर तक हो रहा निर्माण : उपमुख्यमंत्री*
– *युवा, महिला और किसान को समान अवसर एवं सम्मान देना भाजपा सरकार की पहचान*
प्रयागराज, 27 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद प्रयागराज में आयोजित ‘प्रयागराज की बात– विकास एवं नवाचार पर चर्चा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, नवाचार और आत्मनिर्भरता के नए युग का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। *उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है और रक्षा, औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना, कृषि, शिक्षा तथा तकनीकी क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है।*
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि *आज उत्तर प्रदेश ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण से लेकर सेमीकंडक्टर निर्माण तक आत्मनिर्भर भारत* के संकल्प को साकार कर रहा है। *प्रदेश जल, थल और वायु—तीनों क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत संरचना विकसित कर देश की प्रगति* का नेतृत्व कर रहा है। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स पार्क तथा डिजिटल अवसंरचना जैसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को नई आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि युवा को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर, महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता तथा किसानों को समृद्धि और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों। यही भाजपा सरकार की कार्यशैली और पहचान है कि प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान मिले।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रयागराज आज केवल आस्था की नगरी ही नहीं, बल्कि विकास, आधुनिकता और नवाचार का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन तथा डबल इंजन सरकार के सतत प्रयासों से प्रयागराज में धार्मिक, सांस्कृतिक और आधारभूत विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि “विरासत भी, विकास भी” की सोच को साकार करते हुए प्रयागराज में आध्यात्मिक आस्था, आधुनिक सुविधाओं और नवाचार का अद्भुत संगम दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि महाकुंभ सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं ने प्रयागराज की वैश्विक पहचान को और मजबूत किया है। बेहतर सड़क संपर्क, स्मार्ट शहरी सुविधाएं, स्वच्छता, पर्यटन विकास, डिजिटल सेवाएं तथा निवेश की बढ़ती संभावनाओं ने प्रयागराज को विकास के नए आयाम प्रदान किए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक जनपद विकास और नवाचार का केंद्र बने तथा आम नागरिक को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो।
उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों से संवाद करते हुए कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी से नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से प्रदेश के विकास अभियान में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, विधान परिषद सदस्य श्री सुरेंद्र चौधरी, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेश मौर्य, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






