*TV 20 NEWS || LUCKNOW:व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार को सरल बनाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : श्री केशव प्रसाद मौर्य*
प्रेस विज्ञप्ति
– *व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार को सरल बनाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : श्री केशव प्रसाद मौर्य*
– *प्रयागराज में व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों से किया संवाद, सूर्य मूर्ति प्राकट्य उत्सव की जल कलश शोभायात्रा का किया शुभारंभ*
लखनऊ, 27 जुलाई, 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को जनपद प्रयागराज में आयोजित ‘व्यापारी संवाद कार्यक्रम’ में प्रतिभाग कर व्यापारियों एवं विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि *यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापार को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाने तथा प्रदेश में सुरक्षित एवं समृद्ध कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।*
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक व्यापारी बिना किसी भय, भेदभाव अथवा अनावश्यक बाधा के अपना व्यापार संचालित कर सके। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा निवेश और उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के व्यापारियों का योगदान उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उनके हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
श्री मौर्य ने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में हुए व्यापक सुधार, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, बेहतर सड़क एवं परिवहन नेटवर्क, आधुनिक लॉजिस्टिक सुविधाओं तथा व्यापार हितैषी नीतियों के कारण प्रदेश आज देश के सबसे आकर्षक निवेश एवं व्यापारिक केंद्रों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण और पारदर्शी प्रशासन के कारण देश-विदेश के निवेशकों का विश्वास उत्तर प्रदेश पर लगातार बढ़ा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे सरकार के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें तथा अपने सुझाव और समस्याएं साझा करें, ताकि उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक उन्नति के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी तथा प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ व्यापारिक एवं औद्योगिक राज्य बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
व्यापारी संवाद कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, व्यापारी एकता समिति के अध्यक्ष श्री विजय गुप्ता, विधान परिषद सदस्य श्री सुरेंद्र चौधरी, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेश मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज स्थित श्री हनुमत निकेतन मंदिर के निकट आयोजित सूर्य मूर्ति प्राकट्य उत्सव के अंतर्गत 151 पवित्र नदियों के जल कलशों की भव्य शोभायात्रा का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया तथा मंगलमय यात्रा को प्रयागराज से रवाना किया।
इस अवसर पर श्री मौर्य ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराएं और धार्मिक आयोजन समाज को एकता, सद्भाव एवं संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि 151 पवित्र नदियों के जल से निकाली गई यह भव्य कलश यात्रा भारतीय सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र की सनातन परंपरा का प्रेरणादायी प्रतीक है। उन्होंने इस आयोजन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रदेश के धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दिलाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।






