*TV 20 NEWS || AZAMGARH:आजमगढ़ में बारिश के बीच उमड़ा जनसैलाब | डीएवी इंटर कॉलेज से निकली भव्य तिरंगा यात्रा | अनिल राजभर शामिल*
संशोधित खबर
आजमगढ़, 13 अगस्त 2026। “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जनपद आजमगढ़ द्वारा गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ डी.ए.वी. इंटर कॉलेज आजमगढ़ के मैदान से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए।झमाझम बरसात में उत्साह पूर्वक भारी जन सैलाब के साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने निकाली तिरंगा यात्रा, डी.ए.वी. इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर महात्मा गांधी तिराहा, त्रिमूर्ति चौराहा रैदोपुर, विश्राम राय जी की प्रतिमा (कलेक्ट्रेट), होते हुए अंबेडकर पार्क तक पहुंची। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आजमगढ़ के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। “हर घर तिरंगा” अभियान प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सशक्त बनाने का माध्यम है।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि हमें उनकी कुर्बानियों को सदैव स्मरण रखना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से देश की एकता,अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का संकल्प है कि हर घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए और आजादी के अमृतकाल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की ओर अग्रसर किया जाए।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला और जगह जगह आम जनता ने भव्य तिरंगा यात्रा पर पुष्पवर्षा किया। कार्यक्रम में आजमगढ़ जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर,विक्रांत सिंह रिशु, संगीता आजाद, घनश्याम पटेल,वंदना सिंह, जयनाथ सिंह, श्री कृष्ण पाल,अखिलेश मिश्रा गुड्डू, सत्येंद्र राय,मंजू सरोज,राम दर्शन यादव,आजाद अरिमर्दन,हवलदार सिंह, नन्हकू राम सरोज, पंकज राय,आनंद सिंह, राकेश सिंह, निखिल राय, मृगांक शेखर सिन्हा,शोभित श्रीवास्तव,विवेक निषाद, जितेंद्र राय आदि भाजपा के वरिष्ठपदाधिकारी,जनप्रतिनिधि,कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






