*TV 20 NEWS || AZAMGARH:स्वतन्त्रता दिवस पर मण्डलायुक्त की नई पहल:मण्डलायुक्त ने 80वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक समरसता एवं प्रतिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए उत्साहवर्धन हेतु चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के हाथों कराया झण्डारोहण*
प्रेस नोट
स्वतन्त्रता दिवस पर मण्डलायुक्त की नई पहल
मण्डलायुक्त ने 80वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक समरसता एवं प्रतिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए उत्साहवर्धन हेतु चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के हाथों कराया झण्डारोहण।
राष्ट्र के विकास और उत्थान के लिए हमें पूरी मजबूती से अपना योगदान देना जरूरी है: मण्डलायुक्त
आजमगढ़ 15 अगस्त — मण्डलायुक्त विवेक ने सामाजिक समरसता और प्रतिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए उत्साहवर्धन के दृष्टिगत 80वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयुक्त कार्यालय भवन पर अपने कार्यालय के तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों भूपेन्द्र सिंह, फहीम अहमद तथा सुबाष राम के हाथों झण्डारोहण कराया। तदुपरान्त राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन कर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। झण्डारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरान्त आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में कायक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारा वर्तमान दो बातों पर निर्भर होता है, अतीत के प्रति सम्मान और भविष्य के प्रति परिकल्पना। यही दोनों बातें हमारे वर्तमान को तय करती हैं। उन्होंने कहा कि स्तन्त्रता प्राप्ति हेतु हमारे पूर्वजों द्वारा दी गयी कुर्बानियों को याद करके स्वतन्त्र भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के सपनों को साकार करने के प्रति दृढ़ संकल्पित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति और समाज में ईंट और इमारत का सम्बन्ध होता है। ईंट जितनी मजबूत होगी इमारत उतनी ही मजबूत और शानदार होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उत्थान और विकास के लिए हमें एक मजबूत ईंट की तरह बनना होगा तथा पूरी मजबूती से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा, तभी हम स्वतन्त्रता के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर देने वाले अमर बलिदानियों के सपनों को साकार करते हुए एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकेंगे। मण्डलायुक्त विवेक ने अपने सम्बोधन में राजनीति स्वतन्त्रता, आर्थिक स्वतन्त्रता, नैतिक स्वतन्त्रता एवं सामाजिक स्वतन्त्रता पर विस्तार से चर्चा करते हुए इनके महत्व को बताया।
अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सम्बोधित करते हुए स्वतन्त्रता संग्राम के अनेकों बिन्दुओं पर प्रकाश डाला तथा आहवान किया कि प्रतिवर्ष स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर हम अन्दर से एक बुराई समाप्त करने का प्रण लें। उन्होंने कहा कि यदि दिल से यह प्रण किया जाये तो आगामी कुछ वर्षों में ही अनेकों अनेकों बुराईयॉं समाप्त हो जायेंगी।
कार्यक्रम को मण्डलायुक्त के पिता डा. अनिल कुमार सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी डा. नीरज श्रीवास्तव के पिता पूर्व प्राचार्य डा. नाथशरण लाल, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं और स्टाफ द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति की गयी। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका निशा राय द्वारा खेती किसानी पर आधारित गीत- ‘‘निचवां से धरती जरे, उपरां से घाम रे। झांवर होला सगरो किसानन क चाम रे।।’’ विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया।
——–जि0सू0का0 आजमगढ़ द्वारा प्रसारित:ः दिनांक 15.08.2026——-






