*TV 20 NEWS || LUCKNOW:कौशांबी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और भूमि विवादों के प्रभावी समाधान के दिए निर्देश*

– कौशांबी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और भूमि विवादों के प्रभावी समाधान के दिए निर्देश

– पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने, बैट्रीचलित रिक्शा उपलब्ध कराने और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पर दिया विशेष जोर

कौशांबी/ लखनऊ, 16 अगस्त 2026।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज कौशांबी जनपद के मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान पूरी संवेदनशीलता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या के वास्तविक समाधान को प्राथमिकता दी जाए। निस्तारित शिकायतों का सत्यापन भी कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए

श्री मौर्य जी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से जनपद में पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि सर्वे कराकर ऐसे पात्र लोगों को चिन्हित किया जाए, जो अभी तक पेंशन योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने दिव्यांगजनों के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में सर्वे कराकर पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी छूटे हुए पात्र परिवारों को चिन्हित कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

भूमि विवादों के प्रभावी समाधान और अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश

उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि लंबे समय से एक ही तहसील में तैनात कार्मिकों का नियमानुसार स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने भूमि विवादों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ भूमि विवादों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, जिससे विवादों के कारण आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

उन्होंने नियमित रूप से ग्राम चौपालों का आयोजन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी गांवों में पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनें और मौके पर ही यथासंभव समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान चलाकर चकमार्ग, खलिहान एवं अन्य सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।

प्रत्येक विकासखंड में स्वयं सहायता समूहों की बड़ी इकाई स्थापित करने पर जोर

श्री मौर्य जी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक विकासखंड में स्वयं सहायता समूह की बड़ी इकाई स्थापित करने की दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय संसाधनों, उत्पादों और बाजार से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं।

जल जीवन मिशन के कार्यों का कराया जाए सत्यापन

उपमुख्यमंत्री जी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है और जलापूर्ति शुरू हो गई है, वहां वास्तविक स्थिति का स्थलीय सत्यापन कराया जाए। प्रत्येक घर तक नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति हो रही है अथवा नहीं, इसकी भी जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के प्रति आमजन को जागरूक करने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ दिलाने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं एवं निराश्रित गोवंश के संरक्षण पर विशेष ध्यान

श्री मौर्य जी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के अस्पतालों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंशों को व्यवस्थित रूप से गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर घूमता हुआ न मिले और गौशालाओं में उनके चारे, पानी तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की समुचित व्यवस्था रहे।

लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ई-रिक्शा वितरण

बैठक के उपरांत उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने पात्र लाभार्थियों को ई-रिक्शा वितरित किए तथा झंडा दिखाकर ई-रिक्शाओं को रवाना किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।

उपमुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती कल्पना सोनकर, विधायक चायल श्रीमती पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, अवधेश गुप्ता, निवर्तमान विधायकगण संजय कुमार गुप्ता, लाल बहादुर एवं शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेंद्र फौजी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद भरवारी कविता पासी, अध्यक्ष नगर पंचायत अझुवा शांति देवी, शिव मोहन मौर्य, चन्द्रदत्त शुक्ला तथा जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित जनपद के अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।