*TV 20 NEWS || LUCKNOW:कौशाम्बी के सिराथू ब्लॉक के उदहीन खुर्द गांव में कच्चे मकान की छत गिरने से महिला की मृत्यु की घटना का उपमुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान दिए जिलाधिकारी कौशाम्बी को दिए निर्देश*
प्रेस विज्ञप्ति
• *कौशाम्बी के सिराथू ब्लॉक के उदहीन खुर्द गांव में कच्चे मकान की छत गिरने से महिला की मृत्यु की घटना का उपमुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान दिए जिलाधिकारी कौशाम्बी को दिए निर्देश*
• *वर्षा ऋतु में आपदा की प्रत्येक घटना पर सरकार की पैनी नजर, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*
*मा0 उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी*
*लखनऊ। दिनांक 31-08-2026,* मा0 उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने जनपद कौशाम्बी के सिराथू ब्लॉक के ग्राम उदहीन खुर्द में कच्चे मकान की छत गिरने के कारण श्री जुग्गी लाल की पत्नी श्रीमती कलुई की हुई मृत्यु की दुखद घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी, कौशाम्बी को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि सक्षम अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजकर घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की जाए तथा नियमानुसार आवश्यक राहत एवं सहायता की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। वर्षा ऋतु के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अतिवृष्टि, जलभराव, कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित घटनाओं की सरकार द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनपद में कोई अप्रिय घटना घटित होने की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही करने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
श्री मौर्य जी ने कहा कि वर्षा ऋतु में प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में जिलाधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें और आपदा की किसी भी स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न होने दें। विशेष रूप से कच्चे एवं जर्जर मकानों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सतर्कता बरती जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेशवासियों की सुरक्षा की पूर्ण गारंटी के रूप में कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि आपदा या संकट की घड़ी में कोई भी प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे। प्रशासनिक मशीनरी को संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश हैं।
उपमुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को शासन की निर्धारित व्यवस्था एवं मानकों के अनुरूप अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही प्राथमिकता पर की जाए। राहत एवं बचाव कार्यों में स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा की स्थिति में ‘पहले राहत, फिर समीक्षा’ के सिद्धांत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। जनहानि अथवा अन्य किसी प्रकार की क्षति की सूचना प्राप्त होते ही अधिकारी मौके पर पहुंचें, स्थिति का आकलन करें और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
श्री मौर्य जी ने श्रीमती कलुई के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उपमुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में आमजन की सुरक्षा और संकट के समय उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराना शामिल है। वर्षा ऋतु के दौरान उत्पन्न होने वाली प्रत्येक आपदा की स्थिति पर शासन स्तर से लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।






