ई-सरस पर उत्तर प्रदेश का नया कीर्तिमान, ग्रामीण महिलाओं के हुनर को मिला डिजिटल बाजार
• महिला सशक्तिकरण की नई पहचान बना उत्तर प्रदेश, ई-सरस पर 1,537 उत्पाद ऑनबोर्ड
• गांव की कला से डिजिटल बाजार तक, उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं ने रचा इतिहास
• ₹1.07 करोड़ की बिक्री के साथ ई-सरस पर यूपी नंबर-1, ‘लखपति दीदी’ अभियान को मिली नई ताकत
मा. उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी
लखनऊ। 08 सितम्बर, 2026, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए विकसित ई-सरस (eSARAS) पोर्टल पर उत्तर प्रदेश ने देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 30 जून 2026 तक प्रदेश के 1,537 ग्रामीण उत्पाद ई-सरस पर ऑनबोर्ड किए जा चुके हैं तथा सभी प्लेटफॉर्म को मिलाकर ₹1.07 करोड़ की कुल बिक्री दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश ई-सरस पर सर्वाधिक उत्पाद ऑनबोर्ड करने वाला राज्य बना है और ₹1 करोड़ से अधिक की बिक्री दर्ज करने वाला देश का पहला राज्य भी बना है। उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाएं अब केवल परिवार की आर्थिक आधारशिला ही नहीं, बल्कि प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और उद्यमिता की नई पहचान बन रही हैं। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी के मार्गदर्शन में ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है।
मिशन निदेशक श्री अरुण कुमार के अनुसार स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के स्थानीय, पारंपरिक, हस्तशिल्प, खाद्य एवं अन्य उत्पादों को डिजिटल बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बिजनौर के लकड़ी उत्पाद, फर्रुखाबाद के बैग एवं शर्ट, बुलंदशहर के खुर्जा की क्रॉकरी, मेरठ के फुटबॉल, वाराणसी के लकड़ी उत्पाद तथा फिरोजाबाद की प्रसिद्ध कांच की चूड़ियां ई-सरस के माध्यम से देशभर के ग्राहकों तक पहुंच रही हैं।
यह उपलब्धि केवल बिक्री का आंकड़ा नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास, कौशल, उद्यमशीलता और आर्थिक आत्मनिर्भरता की मजबूत तस्वीर है। गांव के उत्पादों को डिजिटल बाजार से जोड़ने की यह पहल महिला उद्यमिता को नई गति दे रही है और प्रदेश में “1 करोड़ लखपती दीदी” के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान कर रही है। उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आर्थिक मजबूती का अग्रणी केन्द्र बनकर उभर रहा है।






