*TV 20 NEWS || LUCKNOW:ऊंचाहार में उमड़ा आस्था का महासागर, शिव महापुराण कथा में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य*
• ऊंचाहार में उमड़ा आस्था का महासागर, शिव महापुराण कथा में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
• भगवान शिव की भक्ति और सत्संग जीवन में भरते हैं शांति, आनंद और नई ऊर्जा : केशव प्रसाद मौर्य
• जहां सत्संग होता है, वहां भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ता है : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
• सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था के प्रति बढ़ती सहभागिता देश की सांस्कृतिक चेतना की जीवंत अभिव्यक्ति :
मा० उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी
रायबरेली/ लखनऊ: 16 सितम्बर, 2026, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को जनपद रायबरेली के ऊंचाहार में प्रदेश सरकार के मा0 कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय भव्य श्री शिव महापुराण कथा में पहुंचकर परम पूज्य कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से भगवान शिव की महिमा एवं दिव्य कथा का श्रवण किया। उपमुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को नमन करते हुए पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ऊंचाहार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में भक्तों का महासागर उमड़ रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिव भक्तों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कथा के मुख्य यजमान मा0 कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय एवं उनके पूरे परिवार को भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा का श्रवण करने और सत्संग का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति, उनकी दिव्य महिमा का श्रवण और पूज्य संतों का सान्निध्य मनुष्य के जीवन में शांति, आत्मिक आनंद और नई ऊर्जा का संचार करता है। महादेव का स्मरण जीवन की प्रत्येक परिस्थिति में धैर्य, विश्वास और सकारात्मकता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यहां का वातावरण पूर्ण रूप से सत्संगमय है, ऐसे में लंबे भाषण की अपेक्षा भगवान शिव की कथा का श्रवण करना ही अधिक महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और धार्मिक आस्था के प्रति लोगों की बढ़ती सहभागिता देश की सांस्कृतिक चेतना की जीवंत अभिव्यक्ति है। प्रयागराज महाकुंभ हो अथवा ऊंचाहार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा, श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या और उनकी आस्था यह दर्शाती है कि जहां सत्संग होता है, वहां भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला के भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प पूर्ण हुआ है। उन्होंने कहा कि “अयोध्या हमारी है, काशी-मथुरा की बारी है” का भाव सनातन आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान शिव एक-दूसरे के आराध्य हैं तथा दोनों के पारस्परिक संबंध और आध्यात्मिक भावों का विस्तृत वर्णन व्यासपीठ से पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी द्वारा किया जा रहा है।
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत की विविधता में एकता और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति आस्था ही हमारी शक्ति है। देश में ऐसा वातावरण होना चाहिए, जहां प्रत्येक व्यक्ति बिना किसी भय के अपनी धार्मिक आस्था और परंपराओं का पालन कर सके तथा सभी को सत्संग, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, आपसी सद्भाव और परस्पर सम्मान से ऐसा वातावरण और अधिक मजबूत होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “जिसको जीवन में मिला सत्संग, उसे हर घड़ी आनंद ही आनंद।” उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सत्संग का आनंद लेने तथा भगवान शिव की कथा से प्राप्त आध्यात्मिक संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने भव्य आयोजन के लिए व्यासपीठ को नमन करते हुए पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी का अभिनंदन किया। साथ ही मा0 कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय, उनके परिजनों, मित्रों, कार्यकर्ताओं एवं कथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, मा0 मंत्री श्री भूपेंद्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






