वार्ड की व्यवस्थाओं को मुकम्मल कराने को ईओ से मिले सभासद मोहम्मद अफजल
आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के वार्ड संख्या-07 गुरुटोला की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सभासद एवं जिला योजना समिति के सदस्य मोहम्मद अफजल ने अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार सिंह से मुलाकात कर जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने वार्ड की व्यवस्थाओं को मुकम्मल कराने के लिए मांग-पत्र सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
सभासद मोहम्मद अफजल ने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में टूटी नालियों की पट्टियों, क्षतिग्रस्त सीसी रोड एवं इंटरलाकिंग की मरम्मत और निर्माण कार्य सहित प्रकाश की व्यवस्था शीघ्र कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि अनन्तपुरा में विज्ञान साहू के दुकान के पास, सम्मो माता मन्दिर के पास, राजेश अस्थाना, मुनीश अस्थाना, लल्लू सोनकर, बादामी सोनकर, गुरुटोला में लाडले, के घर के सामने दिनेश पेंटर, फरीद अहमद के घरों के आस पास और कटरा त्रिमोहानी छोटी की दुकान के आस पास पटिया, सीसी रोड, मन्दिर-मस्जिद-गुरुद्वारा के पास नाली निर्माण व इंटरलाकिंग के लिए स्थान चिह्नित किए गए है। इन स्थानों पर सड़क व नालियों की पट्टियां टूटने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, वार्ड के अधिकांश पोल पर लगी लाइट खराब हो चुकी है जिससे वार्ड के कई गालियों और सड़क अंधेरा छाया हुआ है, आगामी विजयदशमी और दीपोत्सव पर्व के मद्देनजर इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाना आवश्यक है।
उन्होंने अनन्तपुरा एवं गुरुटोला के विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण, पटिया एवं इंटरलाकिंग कार्य कराने के लिए स्थल भी चिह्नित कराए। साथ ही वार्ड में स्ट्रीट लाइट सही करवाकर प्रकाश की व्यवस्था और खुलेआम घूम रहे सूअरों की समस्या का मुद्दा उठाते हुए उन्हें पकड़वाने, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई तथा विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की।
सभासद मोहम्मद अफजल ने कहा कि वार्डवासियों को बेहतर सड़क, नाली, सफाई एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का आग्रह किया। ईओ ने संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।






