*TV 20 NEWS || AZAMGARH : विकास भवन सभागार में “मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना” एवं “भारत टैक्सी” सेवा का शुभारंभ*

विकास भवन सभागार में “मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना” एवं “भारत टैक्सी” सेवा का शुभारंभ

आजमगढ़, 23 सितम्बर, 2026

माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज लखनऊ से “मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना” एवं “भारत टैक्सी” सेवा का शुभारंभ किया गया। उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार, आजमगढ़ में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लि० (एल०डी०बी०) के माध्यम से लघु एवं सीमांत कृषकों के आर्थिक सशक्तीकरण एवु कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री लक्ष्मण प्रसाद मौर्य, अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक लि० आजमगढ़ के साथ-साथ श्री अजय कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता, एल०डी०बी० के प्रतिनिधिगण, समस्त अपर जिला सहकारी अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (सह०), एल०डी०बी० एवं डी०सी०बी० के अधिकारी एवं कर्मचारी और कृषक गण तथा अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य लघु एवं सीमांत कुषकों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के अन्तर्गत पात्र कृषकों को रू0 6.00 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

योजना हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रू0 384 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गयी है तथा आगामी 5 वर्षों में लगभग 5 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों एवं आवश्यक पूंजीगत निवेश हेतु भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी तथा ऋण स्वीकृतिकी प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर बल दिया गया है।

इसी अवसर पर प्रदेश में “भारत टैक्सी” सेवा का भी शुभारंभ किया गया। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) द्वारा संचालित भारत का पहला सहकारी नेतृत्व वाला डिजिटल राइड हेलिंग प्लेटफार्म है। “सारथी ही मालिक” की सहकारी भावना के अन्तर्गत चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप मेंइससे जुड़ते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराते हुए चालकों के आर्थिक सामाजिक सशक्तीकरण, रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर सहकारी समितियों / संस्थाओं के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपेक्षा की गयी कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र कृषकों को योजना से जोडने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों एवं सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहकारिता आधारित इन पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।