*TV 20 NEWS || AZAMGARH:सेवा सेतु अभियान के तहत आज से 7 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले का होगा भव्य आयोजन*
सेवा सेतु अभियान के तहत आज से 7 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले का होगा भव्य आयोजन
समस्त 22 विकास खण्डों एवं 16 नगरीय निकायों में एक ही स्थान पर मिलेगी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं
ऑन-द-स्पॉट फार्म भरने, पात्रता सत्यापन एवं स्वीकृति की होगी कार्यवाही, वंचित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर
प्रत्येक नागरिक को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाना उद्देश्य- जिलाधिकारी
नागरिक से लाभार्थी तक एक ही स्थान पर शत-प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य
आजमगढ़, 24 सितम्बर 2026।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत जनपद में ‘सेवा सेतु अभियान’ का शुभारम्भ 25 सितम्बर 2026 से किया जायेगा। इसके तहत जनपद के सभी 22 विकास खण्डों एवं 16 नगरीय निकायों में सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र में आयोजित शिविर में ही योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन एवं आवश्यकतानुसार स्वीकृति की सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या एवं आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य ‘नागरिक से लाभार्थी तक’ की यात्रा को सरल, सुगम एवं त्वरित बनाना है। इसके लिए शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र व्यक्तियों के ऑन-द-स्पॉट आवेदन पत्र भरवाने, दस्तावेजों की जांच, पात्रता सत्यापन एवं नियमानुसार स्वीकृति की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में ऐसे पात्र नागरिकों को चिन्हित किया जाएगा, जो किसी कारणवश अभी तक योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं। वंचित पात्र व्यक्तियों के मौके पर ही फार्म भरवाए जाएंगे तथा पात्रता का सत्यापन कर नियमानुसार शिविर की अवधि में ही स्वीकृति की कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु अभियान में मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची से संबंधित कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांग कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां दिव्यांगजनों को आवश्यक सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी।
सेवा सेतु शिविर/मेले में स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन के स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक परामर्श एवं विभागीय स्वास्थ्य सेवाओं तथा योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रकार शिविर को बहुउद्देशीय स्वरूप देते हुए नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
नगरीय निकाय प्रभारी/मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने बताया कि ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा के तहत जनपद के सभी 16 नगरीय निकायों में भी 25 सितम्बर से बहुउद्देशीय सेवा शिविर/स्टॉल का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में विभिन्न विभागों एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। योजनाओं के अन्तर्गत पात्रता के आधार पर स्वीकृति की कार्यवाही करते हुए शत-प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों में आयोजित शिविरों के माध्यम से ऐसे पात्र परिवारों एवं व्यक्तियों को विशेष रूप से चिन्हित किया जाएगा, जो अभी तक किसी योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं। शिविर में उनकी पात्रता एवं आवश्यक अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
सेवा सेतु अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय स्टॉल/काउंटर लगाए जाएंगे। यहां योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन की प्रक्रिया तथा लाभ प्राप्त करने से संबंधित जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि पात्र व्यक्ति की पहचान कर उसे योजना के लाभ से जोड़ते हुए सैचुरेशन सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की सहभागिता कराई जाए। शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों की विभागवार प्रगति की निगरानी की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार समयबद्ध ढंग से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
इस प्रकार 25 सितम्बर से प्रारम्भ होने वाला सात दिवसीय सेवा सेतु अभियान जनपद में जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र नागरिकों तक सीधे पहुंचाने, वंचितों को योजनाओं से जोड़ने तथा ‘नागरिक से लाभार्थी तक’ शत-प्रतिशत सैचुरेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।






