*TV 20 NEWS || LUCKNOW:सोनभद्र में करगरा-अलउस संपर्क मार्ग के एनीमल पैसेज प्लान के लिए 18.17 लाख रुपये स्वीकृत*

मीडिया कार्यालय – उप मुख्यमंत्री
प्रेस विज्ञप्ति

*सोनभद्र में करगरा-अलउस संपर्क मार्ग के एनीमल पैसेज प्लान के लिए 18.17 लाख रुपये स्वीकृत*

*वन्यजीव संरक्षण के साथ सड़क निर्माण को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*

*लखनऊ, 08 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर उत्तर प्रदेश शासन के ग्राम्य विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में करगरा से अलउस संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए 18.17 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह धनराशि कैमूर वन्यजीव विहार एवं इको-सेंसिटिव जोन के अंतर्गत एनीमल पैसेज प्लान तैयार किए जाने के लिए स्वीकृत की गई है।*

वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्ययक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रोग्राम फंड से यह धनराशि स्वीकृत की गई है। करगरा से अलउस संपर्क मार्ग के चैनेज संख्या 3.524 किलोमीटर से 13.027 किलोमीटर तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही तथा पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग के लिए एनीमल पैसेज प्लान तैयार किया जाना आवश्यक है।

ग्राम्य विकास विभाग द्वारा डिपार्टमेंट ऑफ वाइल्ड साइंस, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ द्वारा उपलब्ध कराए गए आगणन के आधार पर 18.17 लाख रुपये की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से एनीमल पैसेज प्लान तैयार करने की प्रक्रिया को गति मिलेगी और सड़क निर्माण कार्य के दौरान वन्यजीव संरक्षण से जुड़े आवश्यक प्रबंधों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर सुनिश्चित किया जा सकेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। साथ ही विकास कार्यों में पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के मानकों का पालन सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीण जनता को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच के बेहतर अवसर मिलते हैं।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क के साथ पर्यावरण संरक्षण के संतुलन को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को बेहतर संपर्क मार्गों से जोड़ने तथा मौजूदा मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए तथा वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रावधानों का पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।