*TV 20 NEWS ||उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अनूप मिश्रा और प्रदीप वर्मा को किया सम्मानित,उपनिरीक्षक और शिक्षक के सामाजिक प्रयासों की मंच से किया सराहना*
उन्नाव। एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र द्वारा आयोजित ‘विमर्श–2026 : विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित उन्नाव’ कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दस विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने नवाचारी शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा और उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अनूप कुमार मिश्रा के प्रयासों की मंच से सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
औरास विकासखंड स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में नियुक्त डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा शिक्षा में नवाचार, बालिका खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, नशामुक्ति अभियान, डिजिटल शिक्षा, साक्षरता, जैविक खेती, वर्मी कंपोस्ट और लर्निंग बाय डूइंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास में योगदान दे रहे हैं। उनके विद्यालय की बालिकाओं ने खेलों में मंडल एवं राज्य स्तर तक उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विज्ञान आधारित प्रयोगों और डिजिटल संसाधनों से वे बच्चों में वैज्ञानिक सोच, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित कर रहे हैं। सम्मान ग्रहण करते समय डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने अपनी पत्नी ज्योति वर्मा को अपनी उपलब्धियों का महत्वपूर्ण श्रेय दिया। उन्होंने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि पत्नी के सहयोग, प्रेरणा और प्रोत्साहन के कारण ही वे शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा पा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने उनकी इस भावना की सराहना की और डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा तथा उनकी पत्नी को सम्मानित किया। यह क्षण कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
वहीं, ‘ट्री मैन ऑफ यूपी’ और ‘हरित प्रहरी’ के नाम से लोकप्रिय पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार मिश्रा पिछले 30 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण अभियान चला रहे हैं। वे एक लाख से अधिक पौधे लगा चुके हैं। उन्नाव में चार वर्षों के दौरान 5,000 से अधिक पौधों के रोपण और 3,000 से अधिक बरगद के वृक्षों के संरक्षण में योगदान दिया है। ‘ग्रीन एंड क्लीन उन्नाव’ तथा ‘वृक्ष रक्षा, जन सुरक्षा’ अभियान के माध्यम से वे पुलिस की हरित पाठशाला चलाकर बच्चों और आमजन को जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण तथा प्लास्टिक मुक्त जीवन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। रक्षाबंधन को ‘वृक्ष रक्षा उत्सव’ के रूप में मनाने की उनकी पहल भी उल्लेखनीय है।
समारोह में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह , अपर जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार और सफीपुर विधायक बंबालाल रावत सहित अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं। वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश शुक्ला सहित संजीव संखवार, संजय कनौजिया, आशीष दीक्षित आदि गणमान्य लोगों तथा सैकड़ों शिक्षकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया। जिलाधिकारी और बीएसए ने भी उन्हें बधाई दी।
यह सम्मान समारोह शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक बदलाव के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के योगदान को पहचान देने के साथ समाज में सकारात्मक कार्यों के प्रति प्रेरणा का संदेश बना।






