*TV 20 NEWS || LUCKNOW:अखिलेश यादव अहंकार में न रहें, जनता हर बार उनके अहंकार को चूर-चूर करती रही है : केशव प्रसाद मौर्य*
प्रेस विज्ञप्ति
मीडिया कार्यालय, उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
–
– सपा ने पिछड़ों और दलितों का सम्मान न किया और न आगे करेगी, सच्चा पीडीए वर्ग का अखिलेश पर भरोसा नहीं
– कांग्रेस केवल एक परिवार के हित तक सीमित, (राहुल पीएम बने) देश और जनहित से उसका कोई सरोकार नहीं: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ। दिनांक 11.11.2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्री अखिलेश यादव जब-जब अहंकार में आए हैं, प्रदेश की जनता ने उनके अहंकार को चूर-चूर किया है। चुनाव से पहले बड़ी-बड़ी बातें करना और जीत के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना उनकी राजनीतिक आदत बन गई है। वर्ष 2022 में भी उन्होंने 400 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था, लेकिन जनता ने उनके दावों की वास्तविकता बता दी। उस समय सपा समर्थित गुंडों, माफियाओं, अपराधियों और अराजक तत्वों ने चुनाव के दौरान जिस तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया था, उसे प्रदेश की जनता भूली नहीं है। श्री मौर्य ने कहा कि श्री अखिलेश यादव आज पिछड़ों और दलितों के हितैषी होने का ढोंग कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि समाजवादी पार्टी का इन वर्गों के प्रति न कभी सम्मान रहा है, न आज है और न भविष्य में होगा। पिछड़े और दलित समाज के लोग सपा की राजनीतिक नौटंकी और बयानबाजी को भलीभांति समझते हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली अप्रत्याशित सफलता को सपा अपनी स्थायी राजनीतिक ताकत समझने की भूल न करे। श्री अखिलेश यादव को मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने का अधिकार है, लेकिन उनके सपने हकीकत में बदलने वाले नहीं हैं।
मौर्य ने कहा है कि कांग्रेस देश हित, जनहित, गरीब, किसान और महिला कल्याण से पूरी तरह भटक चुकी है। उसका एकमात्र एजेंडा केवल श्री राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना और देश की प्रगति को रोकना है।
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा: यदि भारत की बेटी या बहू स्वयं को मानती तो 6 दिसंबर को बाबरी के कलंकित ढांचे के ध्वस्त होने पर उन्हें गर्व की अनुभूति नहीं करतीं।
परंतु इसके विपरीत, जिन्हें इस घटना पर शर्म महसूस हो, आंखों में आंसू बह रहे हों, आतंकवादियों के प्रति प्रेम उमड़ रहा है और जो देश विरोधी व विभाजनकारी ताकतों को समर्थन दे रहे हैं, उनसे राष्ट्रभक्ति की आशा कैसे कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता भली-भांति जानती है कि श्रीमती सोनिया गांधी, श्री राहुल गांधी और श्रीमती प्रियंका वाड्रा के मन में क्या चल रहा है। कांग्रेस पार्टी आज देश को नुकसान पहुंचाने वाली और अंतरराष्ट्रीय शक्तियों के इशारे पर काम करने वाली साजिशों का केंद्र बन चुकी है। देश की जागरूक जनता इनके सभी इरादों को अच्छी तरह समझ गई है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार देश और प्रदेश को विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए आयामों तक पहुंचा रही है। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। इसके बाद 2032, 2037, 2042 और 2047 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प की सिद्धि तक सपा सत्ता से दूर रहेगी और कांग्रेस का देश की सत्ता में लौटने का सपना भी पूरा नहीं होगा।






