वन महोत्सव में सम्मानित ऑक्सीजन अभियान में प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौध रोपित कर भागीदार बनें

01 जुलाई 2021 से प्रारम्भ वन महोत्सव में सम्मानित ऑक्सीजन अभियान में प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौध रोपित कर भागीदार बनें

आजमगढ़ 03 जुलाई– पूरे प्रदेश में मा0 मुख्यमन्त्री जी द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में “30 करोड वृक्षारोपण जनान्दोलन” के अन्तर्गत आजमगढ़ जनपद को कुल 5195179 पौधों के रोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है। जनपद में दिनांक 04 जुलाई 2021 को एक ही दिन में 4329300 पौधों का रोपण कार्य किया जायेगा। शेष लक्ष्य 07 जुलाई 2021 तक पूर्ण किया जाना है।
प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग आजमगढ़, गंगा दत्त मिश्रा ने बताया कि मुख्यतः सागौन, शीशम, नीम, जामुन, अमरूद, अर्जुन, कंजी, सिरस, सहजन आदि प्रजातियों के पौधों का रोपण होना है। वृक्षारोपण से जनपद के पर्यावरण को बेहतर बनाने में सहयोग मिलेगा। आगामी समय में यह पौधे बड़े होकर भरपूर मात्रा में आम जनता को ऑक्सीजन प्रदान करेंगे। स्वस्थ एवं मध्यम आयु का एक वृक्ष प्रतिदिन 225.80 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन करता है। इस प्रकार आजमगढ़ जनपद में रोपित किये जा रहे 52 लाख वृक्ष स्थापित होने के उपरान्त 52 लाख X 225.80 किग्रा0= 117.41 लाख ली0 ऑक्सीजन का उत्पादन करेंगे। एक स्वस्थ व्यक्ति जीवित रहने के लिए प्रतिदिन 550 ली0 ऑक्सीजन का उपयोग करता है। अतः समस्त रोपित वृक्षों के जीवित रहने की स्थिति में वे प्रतिदिन 0.2132 करोड़ व्यक्तियों के ऑक्सीजन की अावश्यकता की पूर्ति करेंगे। ऑक्सीजन का मूल्य 4 रूपये प्रति लीटर मानने पर रोपित वृक्षों से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले ऑक्सीजन का अनुमानित मूल्य 2.08 करोड होगा। उल्लेखनीय है कि वृक्ष, प्रकाश संश्लेषण क्रिया से भोजन बनाने की प्रक्रिया में वातावरण से कार्बन डाई ऑक्साइड ग्रहण कर प्राण वायु ऑक्सीजन उत्सर्जित करते हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद के समस्त ग्राम पंचायतों में पंचायतीराज विभाग द्वारा स्मृति वन/वाटिका बनायी जा रही है। स्मृति वन में कोविड-19 महामारी से मृतजनों की याद में उनके परिजनों द्वारा पेड़ लगाया जाएगा, जिसका उल्लेख स्मृति वन के बोर्ड पर भी होगा। वन विभाग द्वारा सेंहदा वन ब्लाक में स्मृति वाटिका की स्थापना की गयी है। जनपदवासियों से अनुरोध है कि कोविड-19 से मृत अपने परिवारजनों के स्मृति में पौधरोपण करना चाहे तो वन विभाग के कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं। पर्यावरण को समृद्ध करने के लिए सभी की भागीदारी की अपील करते हुए अनुरोध है कि वृक्षारोपण महा अभियान में पेड़ लगाकर अपना योगदान दे।