प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अन्तर्गत चयनित ग्रामों में गैप फिलिंग के कार्यों के बारे में डीएम ने क्या कहा, देखे

आजमगढ़ 22 अप्रैल– जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया कि केन्द्र प्रायोजित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अन्तर्गत चयनित ग्रामों में गैप फिलिंग (अन्तर पाठन) के कार्यों को तत्काल पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये थे तथा कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) द्वारा गैप फिलिंग के कार्यों की सूची पूर्व में ही सभी विभागों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। किन्तु कतिपय विभागों द्वारा ही गैप फिलिंग (अन्तर पाठन) के कार्यों को प्रारम्भ किया गया है, शेष विभागों द्वारा गैप फिलिंग का कार्य नहीं कराया जा रहा है। यह स्थिति अत्यंत ही खेदजनक है। प्रबन्ध निदेशक, उ0प्र0 अनु0जाति वित्त एवं विकास निगम लि0 लखनऊ द्वारा उक्त ग्रामों को शीघ्र ही आदर्श ग्राम घोषित किया जाना प्रस्तावित है।
उपरोक्त के क्रम में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) अन्तर्गत अपने विभाग से सम्बन्धित गैप फिलिंग (अन्तर पाठन) के कार्यों को तत्काल पूर्ण कराते हुए उसकी सूचना कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे उसे pmagy.gov.in पोर्टल पर अपलोड कराते हुए उक्त ग्रामों को आदर्श ग्राम घोषित किया जा सके। भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में शिथिलता न बरती जाय।