*TV 20 NEWS || AZAMGARH :सूचना विभाग की प्रदर्शनी में जनमानस ने देखी ‘नए भारत व उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर’,शासकीय योजनाओं की पाठशाला बनी, सूचना विभाग की प्रदर्शनी*
सूचना विभाग की प्रदर्शनी में जनमानस ने देखी ‘नए भारत व उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर’
शासकीय योजनाओं की पाठशाला बनी, सूचना विभाग की प्रदर्शनी
‘सूचना प्रवाह’ पहल के माध्यम से प्रमाणिक एवं त्वरित सूचनाओं के प्रसार की दी गई जानकारी
विकास प्रदर्शनी के अंतिम दिन उमड़ी जनमानस की भीड़, आजमगढ़वासियों ने किया अवलोकन
युवाओं ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सामाजिक जागरूकता का लिया संकल्प
आजमगढ़, 20 जून 2026।
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत हरिऔध कला केन्द्र प्रांगण में 17 से 20 जून, 2026 तक आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी के अंतिम दिन जनमानस की भारी भीड़ उमड़ी। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में प्रदर्शित विकास यात्रा, जनहितकारी योजनाओं की सफलता की कहानियों, लाभार्थियों के अनुभवों तथा विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को देखकर आगंतुकों ने विशेष रुचि दिखाई। प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल सेवाएं, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, कृषि, युवा कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने आगंतुकों एवं युवाओं को प्रदर्शनी का भ्रमण कराते हुए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास एवं कल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन एवं विकास कार्य हुए हैं, जिनका प्रत्यक्ष लाभ आमजन को प्राप्त हो रहा है।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने विभिन्न योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा क्रियान्वयन संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। आयोजित संवादात्मक सत्र में जिला सूचना अधिकारी ने कहा कि किसी भी योजना की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होती है जब उसकी जानकारी प्रत्येक गांव, कस्बे और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने युवाओं से समाज में जागरूकता के वाहक की भूमिका निभाने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं, सूचना सामग्री, प्रचार साहित्य एवं प्रकाशन वितरित किए गए। इन प्रकाशनों के माध्यम से उन्हें सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों तथा नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण डिजिटल पहल “सूचना प्रवाह” के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि ‘सूचना प्रवाह’ एक आधिकारिक डिजिटल मंच है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा शासन की विभिन्न पहलों से संबंधित प्रमाणिक, तथ्यपरक एवं त्वरित जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्रों, विशेष रिपोर्टों, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों तथा महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी इस मंच के माध्यम से किया जाएगा।
प्रदर्शनी में स्थापित सेल्फी स्टैंड एवं आकर्षक फोटो प्वाइंट आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने यहां तस्वीरें खिंचवाकर अपने अनुभवों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
विशेष रूप से स्थापित “सेल्फी विद पीएम” प्वाइंट पर भी दिनभर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों ने यहां उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर प्रदर्शनी के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले आगंतुकों ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी के सफल आयोजन के साथ जनपद में संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ तथा बड़ी संख्या में लोगों ने शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता प्राप्त की।






