सुपर साइक्लोन एम्फन को लेकर छत्तीसगढ़ के सरहदी जिलों में अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ओडिशा सीमा से सटे जिलों में एम्फन तूफान को लेकर अलर्ट किया गया है। दरअसल सोमवार दोपहर महासमुंद, बालोद जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश तबाही लेकर आई थी। कई गांवों में टिन की छतें उड़ गई। सौ से अधिक पेड़ धाराशायी हो गए। बिजली के पोल गिरने से 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र स्थित कैलेंडा, छिबर्रा, कसलबा गांवों में अधिकांश घरों की टिन की छत उड़ गई थी। कलेंडा गांव में आंधी से एक घर भी दीवार ढह गई थी। ऐसे में इन क्षेत्रों में तूफान का ज्यादा असर होने की आशंका है। तूफान के प्रभाव से मंगलवार को पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। दंतेवाड़ा में तेज आंधी चली है।

क्वारंटाइन सेंटरों की बदहाली की चेती सरकार, स्वास्थ्य व पंचायत मंत्री करेंगे समीक्षा

क्वारंटाइन सेंटरों की बदहाली पर नईदुनिया के समाचारीय अभियान ने सरकार का ध्यान खींचा है। प्रदेश के स्वास्थ्य व पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव ने आला अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई। सिंहदेव ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए क्वारंटाइन सेंटरों में पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

क्वारंटाइन सेंटरों की बदहाली पर अब भाजपा ने खोला मोर्चा

प्रदेश में प्रवासी मजदूरों की वापसी के बाद उनके रहने के लिए बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर की बदहाली के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने सरकार से मांग की है कि वह क्वारंटाइन सेंटर के इंतजामों की जानकारी दें। भाजपा कार्यकर्ता भी उन सेंटरों को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। वहीं, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने एक कविता के माध्यम से सरकार पर तंज कसा है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर नईदुनिया की खबरों को पोस्ट करके सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।

कांग्रेस के निशाना साधने पर संघ ने जारी किया सेवा कार्यो का ब्योरा

छत्तीसगढ़ में कोरोना संकट में सेवा कार्यो को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक पर जुबानी जंग और तेज हो गई है। अब संघ ने छत्तीसगढ़ प्रांत में सेवा कार्यों का व्योरा सार्वजनिक किया है। बताया है कि प्रदेश में करीब पचास हजार स्वयंसेवक रोजाना सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। जरूरतमंदों के घर राशन पहुंचा रहे हैं। प्रवासी श्रमिकों को भोजन और पानी उपलब्ध करा रहे हैं।

कंटेनमेंट जोन में ईद की खुशियां प्रशासन के भरोसे

अंबिकापुर के कंटेनमेंट जोन में ईद की खुशियां प्रशासन के भरोसे रहेंगी। अंबिकापुर के वार्ड क्रमांक 39 के जिस मोमिनपुरा मोहल्ले में कोरोना संक्रमित महिला पाई गई है, वह मुस्लिम बाहुल्य है। रमजान का महीना चल रहा है। प्रशासनिक स्तर पर क्षेत्र में सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का इंतजाम किया गया है। लगभग 700 घरों वाले कंटेनमेंट जोन में प्रशासन द्वारा अभी से दैनिक उपयोग की सारी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। ईद के दिन भी प्रशासन द्वारा सारा इंतजाम किए जाने का भरोसा दिया गया है।

स्वच्छता में देश के चुनिंदा छह शहरों में टॉप पर अंबिकापुर

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी ने कचरा मुक्त शहरों के नामों की घोषणा कर दी है। इसके तहत देश के छह शहरों को 5 स्टार रेटिंग मिली है। इनमें छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर का पहला नाम है। अंबिकापुर ने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के साथ ही वाटर प्लस के कार्यो को भी किया। सीवरेज वाटर के ट्रीटमेंट का बेहतर काम हुआ। साथ ही सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई बेहतर की गई।

पाठ्यपुस्तक निगम घोटाले में एमडी चतुर्वेदी को सुप्रीम कोर्ट से राहत

छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम में हुए करोड़ों के घोटाले के आरोपित बनाए गए एमडी अशोक चतुर्वेदी को सुप्रीम कोर्ट ने राहत दी है। ईओडब्ल्यू द्वारा उनके खिलाफ दर्ज किए गए एफआइआर पर स्थगन आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई तीन जजों की पीठ ने की। याचिकाकर्ता चतुर्वेदी ने प्रदेश के तीन उच्चाधिकारियों मुख्यमंत्री की उप सचिव सौम्या चौरसिया, सीनियर आइएएस अनिल टुटेजा और एडीजी ईओडब्ल्यू जीपी सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की पैरवी सुप्रीम कोर्ट के सीनियर अधिवक्ता मुकुल रोहोतगी ने की।

कोरोना मीटर छत्तीसगढ़

नए केस-        शून्य

कुल संक्रमित- 95

ठीक हुए-       59

एक्टिव केस-   36

मौत-             शून्य।