लगातार दूसरे दिन सक्रिय मामलों से अधिक रही ठीक होने वाले मरीजों की संख्या

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में राहत मिलती दिख रही है। देश में लगातार दूसरे दिन स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या सक्रिय मामलों से ज्यादा रही। हालांकि गुरुवार को नए मामलों की संख्या एक दिन में सर्वाधिक 9996 और मरने वालों की संख्या 357 रही।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बुधवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1,41,029 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 1,37,448 है। देश में अब तक संक्रमण की चपेट में आए लोगों का आंकड़ा बढ़कर 2.86 लाख और मरने वालों की संख्या 8,102 हो गई है। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और तमिलनाडु की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गुरुवार को महाराष्ट्र में 3607, दिल्ली में 1877, तमिलनाडु में 1875 और गुजरात में 513 नए मरीज सामने आए हैं।

महाराष्ट्र में 152 लोगों की मौत 

कोरोना संक्रमण से बुरी तरह जूझ रहे महाराष्ट्र में गुरुवार को 3607 मामले सामने आए। इस दौरान 152 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 3590 लोग जान गंवा चुके हैं। गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों से 1,561 स्वस्थ होकर घर लौटे। राज्य में अब तक 97,648 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 46,078 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 47,968 मामले सक्रिय हैं।

तमिलनाडु में 1875 नए मामले 

तमिलनाडु में बीते 24 घंटों के दौरान 1875 नए मामले सामने आए। इस दौरान 23 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 38,716 लोग संक्रमित हो चुके हैं। गुरुवार को 1372 लोग ठीक होकर घर गए। एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में पहली बार ठीक हुए हैं। अब तक 20,705 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस समय 17,659 सक्रिय मामले रह गए हैं।

गुजरात में स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा बढ़ा

गुजरात में कोरोना को हराने वालों का आंकड़ा बढ़कर 15,109 हो गया है। राज्य में फिलहाल 5,573 मामले सक्रिय हैं। पिछले 24 घंटे में 366 और मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। इस दौरान 513 नए मामले सामने आए जबकि 38 लोगों की मौत हो गई।

कर्नाटक में सामने आए 204 मामले

गुरुवार को कर्नाटक में 204 नए मामले सामने आए। इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। नए मरीजों को मिलाकर राज्य में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 6245 और मृतकों की संख्या 72 हो गई। राज्य में इस समय 3185 सक्रिय मामले हैं जबकि 2976 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।

केरल में पांच स्वास्थ्य कर्मी भी चपेट में 

केरल में पिछले 24 घंटों में पांच स्वास्थ्य कर्मियों समेत 83 और लोग कोरोना की गिरफ्त में आ गए हैं। इस दौरान राज्य में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। राज्य में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 2,224 और मृतकों की संख्या 18 हो गई है। सीएम पी. विजयन ने कहा कि नए मामलों में ज्यादातर बाहर से आए लोग हैं। नए मरीजों में 27 विदेश से और 37 देश के विभिन्न हिस्सों से राज्य में पहुंचे हैं। इस दौरान 62 मरीज ठीक होकर घर चले गए।