आजमगढ़ 16 जनवरी– मा0 प्रधानमंत्री जी दिल्ली से कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारम्भ वीडियो कांफ्रेन्सिंग के माध्यम से किया गया। जिसका सजीव प्रसारण जिला महिला अस्पताल में किय गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार व पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से जिला महिला चिकित्सालय से कोविड-19 वैक्सीनेशन का शुभारम्भ किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आज 04 केन्द्रों-राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर, जिला महिला अस्पताल, सीएचसी बिलरियागंज एवं सीएचसी टीकरगढ़ लालगंज पर पहले चरण में उक्त 04 केन्द्रों पर 100-100 लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है, इस प्रकार कुल 400 हेल्थ वर्करों को टीकाकरण किया जा रहा है। पहले चरण में 16089 हेल्थ वर्करों को चिन्हित किया गया है, इनके लिए 19320 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई है। टीकाकरण पूर्वान्ह 10ः30 बजे से 4ः00 बजे तक किया जायेगा।
जिला महिला अस्पताल में पहला टीका जहाँ केश देवी उम्र 56 वर्ष सफाईकर्मी को लगा, वहीं मेडिकल कॉलेज आजमगढ़ में प्रधानाचार्य मेडिकल कालेज ने पहला टीका स्वयं को लगवाया। सीएचसी बिलरियागंज में डाॅ0 अल्ताफ आयुष चिकित्साधिकारी ने पहला टीका लगवाया, वहीं लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर अधीक्षक डाॅ0 मनोज ने पहला टीका लगवाया।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार से प्राप्त कोविडशील्ड कोविड 19 वैक्सीन पूरी तरीके से सुरक्षित है, इसको लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दिया जाए। इस वैक्सीन को आज लगवाने वाले व्यक्ति पुनः इसी स्थान पर अगले महीने की 15 तारीख को पुनः इसे लगावाएंगे। हमारे चिकित्सक पूरी तरह से तैयार हैं, सभी चिन्हित जगहों पर आईएलआर रेफ्रिजरेटर सुचारू रूप से व्यवस्थित कर दिए गये है, साथ ही हर जगह जनरेटर सक्रिय हैं।
जिलाधिकारी ने वैक्सीन लगाने के लिए चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिया, साथ ही वैक्सीनेशन स्थल पर किसी अन्य व्यक्तियों को ना जाने के लिए सुरक्षा बलों को निर्देश दिया। उन्होंने टीकाकरण करवाए लोगों को आधे घंटे अस्पताल परिसर में रखने वाले आब्जर्वेशन रूम का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी द्वारा चक्रपानपुर स्थित मेडिकल कालेज के कोविड टीकाकरण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने टीकाकरण स्थल का निरीक्षण किया, वहाॅ आब्जर्वेशन रूम में उन्होंने कोविड टीका लगाये हुए लोगों का हालचाल लिया और किसी प्रकार के दिक्कत न आने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सीएमओ डाॅ0 एके मिश्रा ने कोविड 19 टीकाकरण स्थल का निरीक्षण किया। सीएमओ ने टीकाकरण स्थल से लेकर आब्जर्वेशन कक्ष, प्रतीक्षा कक्ष सहित टीका लगावाए स्वास्थ्य कर्मियों का हालचाल लिया।
सीएमओ ने कहा कि हर जगह कोल्ड चेन कक्ष में आईएलआर सही तरीके से काम कर रहा है, हमारे चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित सभी स्वास्थ्य कर्मी कोविड 19 की इस फाइनल महत्वपूर्ण लड़ाई में उत्साह से लगे हुए हैं और इसे हराने के लिए तत्पर हैं।
इस अवसर पर ज्वाइण्ट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर गौरव कुमार आईएएस, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, सीओ सीटी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ संजय कुमार, जिला महिला अस्पताल की सीएमएस सहित यूनिसेफ के प्रवेश मिश्रा एवं गुफरान अहमद सहित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।






