TV 20 NEWS || AZAMGARH : एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना” के अन्तर्गत मिट्टी की काली कलाकृतियाँ व वस्त्र उत्पाद (रेशमी साड़ी) सम्मिलित

“एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना” के अन्तर्गत मिट्टी की काली कलाकृतियाँ व वस्त्र उत्पाद (रेशमी साड़ी) सम्मिलित

योजनांतर्गत उद्योग, सेवा के साथ-साथ व्यवसाय क्षेत्र में भी प्राप्त किया जा सकता है ऋण

आजमगढ़ 25 अप्रैल 2026

उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने सर्व साधारण को सूचित किया है कि “एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना” के अन्तर्गत जनपद के दो उत्पाद सम्मिलित है- 1- मिट्टी की काली कलाकृतियाँ 2- वस्त्र उत्पाद (रेशमी साड़ी) इस योजनांतर्गत उद्योग, सेवा के साथ-साथ व्यवसाय क्षेत्र में भी ऋण प्राप्त किया जा सकता है। योजनांतर्गत पूर्व में स्थापित इकाई भी लाभ प्राप्त कर सकती हैं, जो इस योजना को अन्य योजनाओं से अलग बनाती है।

उक्त के क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए, जनपद का लक्ष्य 48 के सापेक्ष 192.00 लाख की मार्जिन मनी का आवंटन किया गया है। योजनान्तर्गत रू० 25.00 लाख तक की कुल परियोजना पर अनुदान राशि 25 प्रतिशत अधिकतम रु० 6.25 लाख, रु० 25.00 लाख से 50.00 लाख तक की परियोजना पर अनुदान राशि रु० 6.25 लाख या परियोजना लागत का 20 प्रतिशत जो भी अधिक हो, रू० 50.00 लाख से 150.00 लाख तक की परियोजना पर अनुदान राशि रू० 10.00 लाख या परियोजना लागत का 10 प्रतिशत जो भी अधिक हो तथा 150.00 लाख की अधिक परियोजना पर अनुदान राशि परियोजना लागत का 10 प्रतिशत या अधिकतम 20.00 लाख, जो भी कम हो मार्जिन मनी के रूप में सरकार द्वारा दिया जायेगा। उक्त अनुदान राशि दो वर्ष के सफल संचालन के बाद समायोजित की जायेगी।

सामान्य श्रेणी के पुरुष लाभार्थी को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अंशदान स्वयं का लगाना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त अन्य सभी लाभार्थी को स्वयं का अंशदान 5 प्रतिशत लगाना होगा।

पात्रता की शर्तेः-

आवेदक कम से कम 18 वर्ष का हो तथा शैक्षिक योग्यता की कोई बाध्यता नहीं हैं। आवेदक किसी वित्तीय संस्था का ऋणी न हो। आवेदक या उसके परिवार के किसी अन्य सदस्य को सरकारी योजना अनुदान से लाभान्वित नहीं किया गया हो। विशेष श्रेणी के लाभार्थी हेतु सक्षम अधिकारी का प्रमाण-पत्र अनिवार्य होगा।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के अन्तर्गत लाभ प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति http://diupmsme.upsdc.gov.in पर लक्ष्य पूर्ति होने तक अपना आवेदन आनलाइन कर सकते हैं। विशेष जानकारी हेतु किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है। आवेदन पत्र आनलाइन ही मान्य होगा, ऑफ लाइन आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किये जायेगें।