TV 20 NEWS || AZAMGARH : उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सकुशल संचालन हेतु डीएम व एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण

आजमगढ़ 26 अप्रैल 2026

उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज आजमगढ़, श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय आजमगढ़ एवं शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज आजमगढ़ का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है, जो प्रत्येक दिवस दो पालियों में संचालित हो रही है। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3( बजे से 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में कुल 5808 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनके लिए सभी केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है, जो सतत निगरानी रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालय प्रबंधकों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया कि वे शासनादेश के अनुरूप पूर्ण गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए।

जनपद प्रशासन द्वारा समुचित प्रबंधन एवं कड़ी निगरानी के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराई जा रही है।