TV 20 NEWS || AZAMGARH :नगर पालिका परिषद, आजमगढ़ में स्वगणना को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का किया गया आयोजन

आजमगढ़ 29 अप्रैल 2026/

नगर पालिका परिषद, आजमगढ़ में स्वगणना (ैमस िम्दनउमतंजपवद) को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों को स्वगणना की प्रक्रिया, इसकी अनिवार्यता तथा तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। यह अवगत कराना है कि जनपद में स्वगणना की प्रक्रिया 7 मई से प्रारंभ होकर 21 मई 2026 की रात्रि 12ः00 बजे तक संचालित होगी। इसके उपरांत जनगणना का प्रथम चरण, जिसमें मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सम्मिलित है, 22 मई से प्रारंभ होकर 20 जून तक संपन्न किया जाएगा।

उक्त चरण में लगभग 10,000 प्रगणक एवं सुपरवाइजर, 24 विभिन्न चार्ज क्षेत्रों में घर-घर जाकर संपर्क स्थापित करेंगे। वे प्रत्येक परिवार के आवासीय स्थिति एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सूचनाएं एकत्रित कर उन्हें मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल रूप में दर्ज करेंगे। उल्लेखनीय है कि यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन मास्टर ट्रेनर इं0 कुलभूषण सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करते हुए उन्हें स्वगणना की प्रक्रिया से भली-भांति अवगत कराया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद, आजमगढ़ के अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी द्वारा जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए सभी संबंधितों को निर्देशित किया गया कि वे इसे पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करें। साथ ही स्वगणना में नगर पालिका परिषद, आजमगढ़ को सर्वाेत्तम स्थान दिलाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि आमजन की सहायता हेतु एक समर्पित हेल्प डेस्क की स्थापना की जा चुकी है, जहां किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।
अंततः प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपन्न करें, जिससे सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित हो सके।

कार्यशाला में नगर पालिका परिषद, आजमगढ़ के चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी/चार्ज अधिकारी तथा उप जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री भूपाल सिंह एवं जनपद आजमगढ़ के जनगणना प्रभारी श्री आकाश राय की गरिमामयी उपस्थिति रही।