*TV 20 NEWS ||AZAMGARH:आजमगढ़ में BSNL पेंशनरों का IDA वृद्धि व एरियर भुगतान को लेकर जोरदार धरना, मंत्रालय पर देरी का आरोप*

आज दिनांक 20 मई 2026 को आजमगढ़ टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में Bharat Sanchar Nigam Limited के पेंशनरों एवं कर्मचारियों ने 1 जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ता (IDA) वृद्धि को तत्काल लागू करने और जनवरी से मार्च 2026 तक के बकाया एरियर के भुगतान की मांग को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया।

भीषण गर्मी के बावजूद 100 से अधिक पेंशनरों ने उत्साहपूर्वक आंदोलन में भाग लिया। यह प्रदर्शन ऑल इंडिया BSNL पेंशनर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AIBPWA) और ऑल इंडिया BSNL पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AIBSNLPWA) के संयुक्त आह्वान पर आयोजित किया गया। वहीं, BSNL की यूनियन एवं एसोसिएशन (AUAB) ने लंच आवर के दौरान मानव श्रृंखला बनाकर आंदोलन को समर्थन दिया।

धरनारत पेंशनरों का कहना है कि सार्वजनिक उद्यम विभाग (DPE) के 27 फरवरी 2026 के आदेश के तहत 01 जनवरी 2026 से IDA वृद्धि अधिसूचित की गई थी, लेकिन उसमें लगाए गए विवादित प्रावधानों के कारण भुगतान लंबित हो गया। बाद में 24 अप्रैल 2026 के आदेश से संशोधन करते हुए विवादित खंड हटाया गया, फिर भी दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।

आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि 8 मई को BSNL प्रबंधन द्वारा फाइल भेजे जाने के बावजूद अब तक मंजूरी नहीं मिली है। उनका कहना है कि AICPI के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 3.2% IDA बनता है, जिसे तत्काल लागू किया जाना चाहिए।

BSNL पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते एरियर सहित IDA वृद्धि जारी नहीं की गई तो पूरे देश में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। धरने के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया और सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।

नारा:
“IDA बहाल करो – एरियर सहित करो, BSNL पेंशनर-कर्मचारी एकता जिंदाबाद!”